Rajasthan Half Yearly Exam 2026: राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं अब 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगी। पहले ये परीक्षाएं 15 से 27 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित थीं, लेकिन पंचायत राज चुनाव के कारण शिक्षा विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने नया आदेश जारी कर टाइम टेबल घोषित किया है।

निर्धारित टाइम टेबल में शामिल विषयों की परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी। जिन विषयों का उल्लेख टाइम टेबल में नहीं है, उनकी परीक्षा स्कूल स्तर पर कराई जाएगी। स्कूल स्तर की परीक्षाएं और प्रायोगिक विषयों की परीक्षाएं टाइम टेबल में दिए गए अंतराल वाले दिनों में होंगी।

प्राइवेट स्कूलों में नहीं रखे जाएंगे प्रश्न-पत्र

शिक्षा विभाग ने प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। प्राइवेट स्कूलों में प्रश्न-पत्र नहीं रखे जाएंगे। इन स्कूलों के प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ/यूसीईईओ के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। परिस्थितियों के अनुसार प्रश्न-पत्र पुलिस थाने में रखने की व्यवस्था भी की जा सकती है। इस संबंध में निर्णय लेने का अधिकार जिला शिक्षा अधिकारी को दिया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर फ्लाइंग टीम करेगी निरीक्षण

परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और डाइट प्राचार्य की ओर से फ्लाइंग टीम गठित कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा की व्यवस्था जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में होगी। प्रश्न-पत्र मिलने से पहले जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर जरूरी निर्णय लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

1 से 8वीं तक का टाइम टेबल अलग से आएगा

राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत फिलहाल कक्षा 9वीं से 12वीं तक का टाइम टेबल जारी किया गया है। कक्षा 1 से 8वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। पंचायत राज चुनावों के कारण ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में इन कक्षाओं की परीक्षा भी तय समय पर कराने में बदलाव हो सकता है। शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश गोस्वामी के अनुसार, कक्षा 1 से 8वीं तक के लिए टाइम टेबल अलग से जारी किया जाएगा।

25 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा

25 नवंबर – पहली पारी में कक्षा 9वीं की अंग्रेजी, कक्षा 11वीं का अनिवार्य अंग्रेजी/हिन्दी कोर और कक्षा 12वीं का समाजशास्त्र होगा। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं की अंग्रेजी, कक्षा 11वीं का समाजशास्त्र और कक्षा 12वीं की अनिवार्य अंग्रेजी की परीक्षा होगी।

26 नवंबर – पहली पारी में कक्षा 9वीं की हिन्दी, कक्षा 11वीं की अनिवार्य हिन्दी और कक्षा 12वीं में चित्रकला/टंकण अंग्रेजी की परीक्षा होगी। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं की हिन्दी, कक्षा 11वीं में चित्रकला/टंकण हिन्दी और कक्षा 12वीं की अनिवार्य हिन्दी होगी।

27 नवंबर – कक्षा 9वीं की विज्ञान और कक्षा 12वीं की ऐच्छिक गणित की परीक्षा होगी। कक्षा 11वीं में कृषि जीवविज्ञान, राजनीति विज्ञान, जीव विज्ञान और टंकण अंग्रेजी से जुड़े विषय होंगे। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं की हिन्दी, कक्षा 11वीं में चित्रकला/टंकण हिन्दी और कक्षा 12वीं की अनिवार्य हिन्दी होगी।

28 नवंबर – कक्षा 9वीं की सामाजिक विज्ञान और कक्षा 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी। कक्षा 11वीं में कृषि रसायन, इतिहास, व्यावसायिक अध्ययन और रसायन विज्ञान के पेपर होंगे। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं की सामाजिक विज्ञान, कक्षा 11वीं की अर्थशास्त्र तथा कक्षा 12वीं में संबंधित विषयों की परीक्षा होगी।

29 नवंबर को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा।

30 नवंबर – कक्षा 9वीं में संस्कृत, उर्दू, पंजाबी और सिंधी तथा कक्षा 11वीं में कम्प्यूटर विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं के लिए संस्कृत, उर्दू, पंजाबी और सिंधी तथा कक्षा 12वीं के लिए कम्प्यूटर विज्ञान की परीक्षा होगी। इसी दिन गृह विज्ञान के पेपर भी होंगे।

1 से 3 दिसंबर तक अंतराल और तैयारी के लिए अवकाश रहेगा।

4 दिसंबर – कक्षा 9वीं की गणित, कक्षा 11वीं की अंग्रेजी साहित्य और कक्षा 12वीं की भूगोल की परीक्षा होगी। दूसरी पारी में कक्षा 10वीं की गणित, कक्षा 11वीं की भूगोल और कक्षा 12वीं की अंग्रेजी साहित्य की परीक्षा होगी।

5 दिसंबर – कक्षा 9वीं में सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणा और कक्षा 10वीं में शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा की परीक्षा होगी। कक्षा 11वीं में विभिन्न साहित्य विषयों, लेखाशास्त्र और भौतिक विज्ञान के पेपर होंगे। कक्षा 12वीं में संस्कृत साहित्य और कृषि विज्ञान सहित निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। दूसरी पारी में कक्षा 9वीं की शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा और कक्षा 10वीं की सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणा की परीक्षा होगी।

6 दिसंबर को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा।

7 दिसंबर – कक्षा 11वीं की लोकप्रशासन और दूसरी पारी में कक्षा 12वीं की लोकप्रशासन की परीक्षा के साथ अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं समाप्त होंगी। सभी निर्धारित परीक्षाएं पहली पारी में सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 बजे और दूसरी पारी में दोपहर 1:15 से शाम 4:30 बजे तक होंगी।

पढ़ें ये खबरें