Rajasthan Income Tax Raid on Hospitals: राजस्थान में आयकर विभाग ने सोमवार सुबह पार्क ग्रुप के तीन अस्पतालों पर छापेमारी की। जयपुर के मानसरोवर स्थित अमर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर, झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ स्थित पार्क हॉस्पिटल में टीमें पहुंचीं।
कार्रवाई के दौरान अस्पतालों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर पुलिस तैनात की गई। आयकर सूत्रों के मुताबिक, बड़े पैमाने पर नकद लेन-देन और टैक्स चोरी की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

सुबह 5 से 6:30 बजे के बीच पहुंचीं टीमें
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें सोमवार सुबह करीब 5 से 6:30 बजे के बीच तीनों अस्पतालों में पहुंचीं। इसके बाद अस्पतालों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए। पुलिसकर्मियों को गेट पर तैनात किया गया और बाहरी लोगों के प्रवेश तथा अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई।
आयकर सूत्रों के अनुसार, पार्क ग्रुप के अस्पतालों में बड़े पैमाने पर नकद लेन-देन के जरिए टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। शुरुआती जानकारी में 20 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी सामने आने की संभावना जताई गई है। हालांकि, वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिकॉर्ड रूम और सर्वर रूम की जांच
आयकर विभाग की टीमों ने अस्पतालों के रिकॉर्ड रूम और सर्वर रूम में तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की जानकारी सामने आई है।
टीमें अस्पतालों के वित्तीय लेन-देन, टैक्स भुगतान और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत किए गए दावों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। कंप्यूटर, सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डेटा भी खंगाला जा रहा है। बिलिंग रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और दूसरे वित्तीय दस्तावेज जांच के दायरे में हैं।
झुंझुनूं के आरआर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कार्रवाई
झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयकर विभाग की 15 से ज्यादा लोगों की टीम पहुंची। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। यहां कंप्यूटरों की जांच की गई। अस्पताल के स्टाफ को कंप्यूटर नहीं छूने की हिदायत दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बहरोड़ के पार्क हॉस्पिटल में COO से पूछताछ
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ स्थित पार्क हॉस्पिटल में सोमवार सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई शुरू हुई। जानकारी के मुताबिक, पांच गाड़ियों में पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) और अकाउंट्स विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की।
टीम ने अस्पताल की आय और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। इनमें पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS), मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (MAA) और आयुष्मान योजना से संबंधित रिकॉर्ड शामिल हैं।
जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
आयकर विभाग की कार्रवाई में अस्पतालों के वित्तीय रिकॉर्ड, टैक्स भुगतान और सरकारी योजनाओं से जुड़े दावों की जांच की जा रही है। फिलहाल 20 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी की आशंका जताई गई है। जांच पूरी होने और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसी तरह की कर अनियमितता हुई है या नहीं और उसका वास्तविक आकार कितना है।
पढ़ें ये खबरें
- डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर युवक को बनाया बंधकः फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बन बदमाशों ने ठगे 1.38 लाख, बनाया न्यूड वीडियो
- आयुष्मान कार्ड के नाम पर दोहरी लूट! शिवनंदा अस्पताल पर कलेक्टर सख्त, जांच टीम गठित
- ‘लोग ज्यादा काटते हैं…’ कोटा में आवारा कुत्तों पर मेयर की टिप्पणी वायरल
- रिश्वत का खेल! विजिलेंस ने बिछाया जाल, ASI रंगे हाथों गिरफ्तार
- रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल, मंदी और महंगाई पर रिसर्च के लिए हुए सम्मानित
