Rajasthan Journalist Housing Scheme: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार रात जयपुर के जगतपुरा स्थित इंदिरा गांधी नगर के सेक्टर-9 में पत्रकारों के लिए विशेष आवासीय योजना का शुभारंभ किया। राजस्थान आवासन मंडल की विशिष्ट पंजीकरण योजना-2026 के तहत शुरू हुई इस योजना के पहले चरण में 180 आवास आवंटित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने 3 बीएचके फ्लैट पर 15 लाख रुपये और 2 बीएचके फ्लैट पर 12 लाख रुपये की विशेष छूट देने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर जल परियोजनाओं को लेकर भी निशाना साधा।
180 आवासों के लिए पंजीकरण शुरू
राजस्थान आवासन मंडल की इस योजना के तहत जयपुर के जगतपुरा में पत्रकारों के लिए आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना में 154.63 वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्रफल वाले फ्लैट की कीमत 74.68 लाख रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री ने 3 बीएचके फ्लैट की कुल लागत पर करीब 15 लाख रुपये की छूट का ऐलान किया। वहीं, 2 बीएचके फ्लैट पर 12 लाख रुपये की छूट देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने योजना से जुड़ी पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार बजट के दौरान उनसे आवास उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस दिशा में पहल करने का संकल्प लिया था, जिसे अब योजना के रूप में शुरू किया गया है।
भरतपुर में भी पत्रकारों के लिए आवास
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भरतपुर में पूंछरी का लौठा के पास ‘गिरधर कुंज’ नाम से नई आवासीय योजना विकसित की जा रही है। इसमें भी पत्रकारों के लिए विशेष आवास की व्यवस्था होगी।
उन्होंने कहा कि आगे चरणबद्ध तरीके से अन्य संभागों में भी आवासीय योजनाएं शुरू की जाएंगी। कार्यक्रम में मौजूद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यह पहला चरण है और भविष्य में अन्य पत्रकारों को भी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
पत्रकारिता सामाजिक दायित्व भी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व, जनजागरण और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रकार स्वास्थ्य योजना का भी उल्लेख किया।
जल परियोजनाओं पर कांग्रेस को घेरा
आवास योजना के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार पर जल परियोजनाओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इन योजनाओं के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पानी, बिजली, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में विकास की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में जल क्षेत्र में करीब 2 लाख करोड़ रुपये के काम हो रहे हैं। उनके मुताबिक, रामजल सेतु योजना से करीब 4 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिलने की बात है।
गांव में किसान-मजदूर के साथ ठहरने का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वह होटल में ठहरने वाले नहीं हैं, बल्कि गांवों में किसान और मजदूरों के साथ बैठते हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या उसका कोई विधायक गांव में किसान-मजदूर के साथ ठहरता है? कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, जयपुर के महापौर और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- पत्रकारों को 15 लाख रुपये तक की छूट, जयपुर में आवास योजना शुरू; जानें फ्लैट की कीमत
- छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स में कार्यरत पूर्व सलवा जुडूम कर्मियों ने सेवा शर्तों को लेकर लगाई याचिका, हाईकोर्ट ने शासन से मांगा जवाब
- अब पहाड़ों पर सजेगी फिल्मी महफिल! CM धामी से मिलने पहुंचे अक्षय कुमार, फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड बना रहा नई पहचान
- ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे पर सीएम मोहन का कड़ा रुख: सीएसपी पर गिरी गाज-तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच के आदेश
- त्योहारी सीजन में खाने की आफत! पलामू समेत 6 जिलों में राशन सप्लाई ठप, डोर स्टेप डिलीवरी में बड़ी लापरवाही

