Rajasthan News: राजस्थान के नागौर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बच्चों के पोषाहार में करोड़ों का डाका डालने वाले सरकारी बाबुओं और अफसरों पर एसीबी (ACB) का डंडा चला है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 आरोपियों को दबोच लिया है। यह पूरा मामला आंगनबाड़ी केंद्रों में हुए करोड़ों रुपए के पोषाहार गबन से जुड़ा हुआ है।

फर्जी बिलों से खाली कर दिया सरकारी खजाना
एसीबी की एडिशनल एसपी कल्पना सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने यह ताबड़तोड़ एक्शन लिया है। सूत्रों के मुताबिक, साल 2018 में नागौर के कई इलाकों में फर्जी चालान और बिल तैयार किए गए थे। इनके जरिए पोषाहार के नाम पर राजकोष से लाखों-करोड़ों रुपए का उठाव कर लिया गया। जिन बच्चों तक राशन पहुंचना था, उनका हक मारकर अफसरों ने अपनी जेबें भर लीं।
इन बड़े इलाकों के अफसर हुए गिरफ्तार
एसीबी की जांच की आंच नागौर के कई बड़े कस्बों तक पहुंच चुकी है। कार्रवाई के तहत परबतसर, डेगाना, कुचामन सिटी, मकराना और जायल क्षेत्र से गिरफ्तारियां हुई है। पकड़े गए लोगों में महिला एवं बाल विकास विभाग के जूनियर क्लर्क (LDC), महिला सुपरवाइजर, असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर (AAO) और कई संविदा कर्मी शामिल हैं। इन सभी को गिरफ्तार कर एसीबी कोर्ट में पेश किया गया है। मामले से जुड़े एक आरोपी नरेंद्र दायमा की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
8 करोड़ 75 लाख का है यह पूरा महाघोटाला
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे खेल की जांच पिछले कई सालों से चल रही थी। यह कोई छोटा-मोटा घोटाला नहीं है, बल्कि जांच में यह राशि 8 करोड़ 75 लाख रुपए से भी अधिक की सामने आई है। इस मामले में पहले भी 4 लोग जेल जा चुके हैं। भ्रष्टाचार की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस केस में विभाग ने कोर्ट के सामने 29,000 से ज्यादा पन्नों की भारी-भरकम चार्जशीट पेश की है।
साल 2018 में जब इस मामले में गोपनीय शिकायत पर चार दिनों तक छापेमारी हुई थी, तब करीब 50 लाख 75 हजार रुपए कैश बरामद किए गए थे। अब हुई इन 18 गिरफ्तारियों के बाद विभाग के बाकी भ्रष्ट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
पढ़ें ये खबरें
- सितंबर में ही होंगे छात्र संघ चुनाव, HC के निर्देश पर 2017 के बाद फिर सरगर्म होगी कॉलेजों की राजनीति
- डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा का भव्य स्वागत, सौरव शर्मा ने उठाईं क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं
- ज्ञानेश्वरी यादव ने लल्लूराम डॉट कॉम से की खास बातचीत, बोलीं- तिरंगा फहराने के लिए मैदान में उतरी थी, अब लक्ष्य गोल्ड मेडल
- कटनी के आदिवासी गांव में भ्रष्टाचार: पीएम जनमन वाली पंचायत में सड़क के नाम पर 90 हजार की हेराफेरी, नहीं हुआ निर्माण
- इस्तीफा दिए हुए विधायकों लगाया अनदेखी का आरोप, CM शिवकुमार ने कहा- एक साथ मंत्री बनाना संभव नहीं

