Rajasthan News: श्रीगंगानगर के एसडी गर्ल्स स्कूल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा प्रैक्टिकल परीक्षा देकर लौट रही थी, इसी दौरान वह स्कूल की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के समय उसकी मां और भाई स्कूल के पास ही मौजूद थे, लेकिन सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि वे कुछ कर नहीं सके।

पहले से खराब थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, छात्रा की तबीयत पहले से खराब चल रही थी। इसी वजह से वह शुक्रवार को केवल प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए स्कूल आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह नीचे उतर रही थी, तभी शाम करीब सवा चार बजे अचानक दूसरी मंजिल से गिर पड़ी।
अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्कूल स्टाफ और परिजनों ने छात्रा को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना के कार्यवाहक थानाधिकारी रामेश्वरलाल बिश्नोई अस्पताल पहुंचे और इसके बाद स्कूल जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला हादसे का लग रहा है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर कमलेश कटारिया ने बताया कि छात्रा पिछले कुछ समय से बीमार थी और केवल प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए स्कूल आई थी। परीक्षा के दौरान उसकी मां और भाई भी स्कूल के पास ही मौजूद थे। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- CJP आंदोलन पर अभिजीत दीपके का बड़ा खुलासा, बोले- सौरव दास और आशुतोष रांका लेते थे फैसले, मैं बस आदेश मान रहा था
- Ritu Barala Case: डोटासरा की पुलिस को चुनौती, जीरो FIR पर जयपुर में क्यों अड़ी कांग्रेस?
- सास-बहू की दर्दनाक मौत: खेत में काम करते समय बड़ा हादसा, मां-भाभी को बचाने के चक्कर में झुलसी युवती
- पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर कैसे हुआ हमला? सामने आया नया वीडियो; पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
- CM साय कल अर्बन चैलेंज फंड कार्यशाला का करेंगे शुभारंभ, हुडको और सेप्ट यूनिवर्सिटी के साथ होंगे दो एमओयू
