Rajasthan News: जयपुर में सोमवार सुबह लोहामंडी रोड पर एक भयावह सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर दिया। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद तीन अन्य वाहनों पर पलट गया। इस भीषण हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

एडिशनल कमिश्नर राजीव पचार ने बताया कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायल अभी गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। चौमूं में तैनात प्रोबेशनल आईपीएस उषा शर्मा के मुताबिक, डंपर ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी बाइकों को भी कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना तेज था कि कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और डंपर मौके पर ही पलट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से यातायात मोड़ दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि डंपर चालक शराब के नशे में था और नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। क्रेन की मदद से पलटे हुए डंपर को हटाने का काम चल रहा है।
हादसे पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को शक्ति देने की प्रार्थना की है। नेताओं ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे की विस्तृत जांच जारी है।
पढ़ें ये खबरें
- खाटू श्याम मंदिर पर मंडराया खतरा! पाकिस्तान भेजी गई मंदिर की गुप्त जानकारी, गाजियाबाद में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश
- अनूपपुर सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 2 लोगों की मौतः ट्रैक्टर के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी, 2 लोग घायल
- Bihar Road Accident: जदयू विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री के बेटे की सड़क हादसे में मौत, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर
- छत्तीसगढ़ में बारिश और ओलावृष्टि के आसार, येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी, जानिए अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम…
- मौत की यात्राः पेड़ से जा भिड़ी तेज रफ्तार बोलेरो, 5 लोगों की उखड़ी सांसें, मंजर देख चीख पड़े लोग

