Rajasthan News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद दौसा प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस, प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने एक्सप्रेसवे के किनारे 38 स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सड़क किनारे बने अवैध होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जेसीबी और बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई दौसा कलेक्टर सौम्या झा के निर्देश पर की जा रही है। हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की समीक्षा की, जिसमें हाईवे पर लगे साइन बोर्ड और दिशा संकेतकों में कई खामियां सामने आईं।
जिला कलेक्टर सौम्या झा ने बताया कि जांच में पाया गया कि कुछ स्थानों पर साइन बोर्ड स्पष्ट नहीं थे और कई जगह दिशा बताने वाले ऐरो भी नहीं लगे थे। इससे वाहन चालकों को सही रास्ता समझने में परेशानी हुई, जो दुर्घटना की एक बड़ी वजह बनी। इसी के साथ हाईवे के आसपास किए गए अतिक्रमण भी सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे थे, इसलिए उन्हें चिन्हित कर हटाने का अभियान शुरू किया गया।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध निर्माण और अतिक्रमण लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सड़क किनारे अतिक्रमण न करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत अब तक नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में 12, पापड़दा में 9, राहुवास में 7, लालसोट में 6, बांदीकुई में 2, कोलवा में 1 और झांपदा में 1 अस्थायी अतिक्रमण हटाया जा चुका है।
इस अभियान की निगरानी जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश और दौसा एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा, जिले के थानाधिकारी और NHAI की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
पढ़ें ये खबरें
- जमुई में मध्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई: टाटा इनोवा कार से 50 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार
- Lausanne Diamond League 2026 में दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, 88.05 मीटर दूर फेंका सीजन का बेस्ट थ्रो, इस खिलाड़ी ने मारी बाजी
- कैथल में कांग्रेस की संवाद बैठक, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने सुरजेवाला और आदित्य सुरजेवाला की तारीफ की
- ब्लू वाटर हादसा: 72 घंटे बाद भी युवक का शव नहीं मिलने पर इदरीस गांधी ने रेस्क्यू ऑपरेशन पर उठाए सवाल, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र…
- सरिस्का के 1 किमी दायरे में रेस्ट हाउस! 19 किसानों की जमीन पर हाईकोर्ट ने क्यों पलटा सरकार का फैसला?
