Rajasthan News: प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर कनेक्शन और सब्सिडी मंजूरी के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भरतपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JEN) और सहायक अभियंता (AEN) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ACB को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी की फर्म द्वारा लगाए गए सोलर प्लांट के मीटर जारी करने और सब्सिडी स्वीकृत कराने की एवज में दोनों अधिकारियों ने कुल 90 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
ट्रैप के दौरान आरोपी जेईएन अभिषेक और एईएन मोहित कटियार परिवादी से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान दोनों को ACB की भनक लग गई, जिसके बाद वे अलग-अलग वाहनों से मौके से भागने लगे। कनिष्ठ अभियंता स्कूटी लेकर फरार हुआ, जबकि सहायक अभियंता फोर व्हीलर से निकल गया।
ACB टीम ने पीछा कर कनिष्ठ अभियंता को घासीराम बिग्रेड कॉलोनी में नाले में कूदते समय पकड़ लिया। वहीं, सहायक अभियंता को उत्तर प्रदेश के किरावली से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए ACB कार्यालय लाया गया है।
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- खेलने निकला था मासूम, सिर कुचलकर फेंका, नहर से मिला क्षत-विक्षत शव!
- अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 10 पिस्तौल और 1.022 किलो हेरोइन बरामद
- पहले गाड़ी को मारी टक्कर, फिर आंखों में झोंकी मिर्ची… नरसिंहपुर में ज्वेलर्स से 35 लाख की लूट
- राजधानी में बदमाश बेखौफ: घर में अकेली 75 वर्षीय महिला को हथियार दिखाकर बनाया बंधक, 2 किलो चांदी और 30 हजार की लूट
- नवमी की रात दारोगा के दो बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, छोटे की मौत और बड़ा घायल
