Rajasthan News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में सीमा सुरक्षा बल (BSF) राजस्थान फ्रंटियर के महानिरीक्षक (IG) एमएल गर्ग ने शुक्रवार को बीकानेर का दौरा कर सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

सीमाओं पर कड़ी निगरानी
मीडिया से बातचीत करते हुए आईजी गर्ग ने भरोसा दिलाया कि राजस्थान की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “सीमा पार से होने वाली हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। बीएसएफ किसी भी आतंकी या अवांछित गतिविधि का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।” साथ ही उन्होंने आमजन से डरने के बजाय सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
ड्रोन से बढ़ी निगरानी, जवानों का स्वास्थ्य सर्वोपरि
आईजी गर्ग ने बताया कि सीमा क्षेत्र में ड्रोन टेक्नोलॉजी का व्यापक उपयोग कर निगरानी को और मजबूत किया गया है। “हर चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है,” उन्होंने कहा।
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) पर कूल रूम बनाए गए हैं और नर्सिंग असिस्टेंट्स की तैनाती कर जवानों को त्वरित चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। वर्तमान में सीमा क्षेत्र में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है और यह 56 डिग्री तक जा सकता है।
स्मार्ट फेंसिंग से सीमा होगी और मजबूत
आईजी गर्ग ने जानकारी दी कि श्रीगंगानगर जिले में स्मार्ट फेंसिंग का कार्य शुरू हो चुका है, जिसे जल्द ही राजस्थान के अन्य सीमा क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा। “स्मार्ट फेंसिंग से घुसपैठ और तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा,” उन्होंने कहा।
सीमावर्ती गांवों के विकास में भी योगदान
बीएसएफ न केवल सीमाओं की सुरक्षा कर रही है, बल्कि सीमावर्ती गांवों के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। सड़क, बिजली और रोजगार जैसी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महत्वपूर्ण बैठक में की सुरक्षा समीक्षा
बीकानेर दौरे के दौरान आईजी गर्ग ने सेक्टर मुख्यालय में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और एसपी कवेंद्र सागर, कमांडेंट एनएम शर्मा, डीसीजी महेश चंद्र जाट और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संभावित खतरों और सुरक्षा समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान डीआईजी इंटेलिजेंस विदुर भारद्वाज भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले आईजी गर्ग ने जैसलमेर और बाड़मेर के सीमावर्ती क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया था, जो बीएसएफ की लगातार सतर्कता और तत्परता का प्रमाण है।
पढ़ें ये खबरें
- CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में रात का तापमान लुढ़कना शुरू, जानें अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- UP Weather: यूपी में आज बारिश का अलर्ट नहीं, साफ रहेगा मौसम; सुबह-रात बढ़ेगी ठंडक
- Bihar Today Weather: बिहार में कब से बढ़ेगी ठंड? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट
- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जन सुनवाई, कांग्रेस की PC, मां दुर्गा को विदाई
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 21 October: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
