Rajasthan News: अजमेर में शुक्रवार को कोर्ट परिसर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वकीलों ने पीडब्ल्यूडी के एक एक्सईएन के साथ मारपीट कर दी। घटना एक वकील के सड़क हादसे के बाद भड़के आक्रोश के कारण हुई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह जयपुर रोड पर पुरानी और नई कोर्ट के बीच सड़क पार करते समय अधिवक्ता घनश्याम को एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील मौके पर जमा हो गए और विरोध शुरू कर दिया। गुस्साए वकीलों ने जयपुर रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

वकीलों की मांग पर पीडब्ल्यूडी के एक एक्सईएन को भी मौके पर बुलाया गया। बातचीत के दौरान अधिकारी की कथित टिप्पणी को लेकर विवाद हो गया। इसी बात से नाराज़ वकीलों ने कोर्ट परिसर में अधिकारी को घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। यह सब पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।
सीओ नॉर्थ शिवम जोशी और क्रिश्चियनगंज थानाधिकारी अरविंद चारण सहित पुलिसकर्मियों ने अधिकारी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वकील उनका पीछा करते रहे और कई बार हाथापाई की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अधिकारी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कोर्ट परिसर से बाहर निकाला।
हादसे के विरोध में वकीलों ने पुरानी और नई कोर्ट के सामने जयपुर रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान दोपहिया वाहनों की चाबियां निकाल ली गईं और कुछ चारपहिया वाहनों को भी रोक दिया गया। वकीलों की मांग है कि दोनों कोर्ट के बीच हाईवे पर तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
वकीलों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस लगातार समझाइश देती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इस बीच जयपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूली बच्चे, मरीज और जरूरी काम से निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
वकीलों का कहना है कि उनका आंदोलन आमजन के खिलाफ नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से स्पष्ट आश्वासन और कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा।
पढ़ें ये खबरें
- Giridih News: गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत और 12 लोग घायल, आक्रोशित लोगों ने कार में लगाई आग
- वोट चोरी पर आर-पार के मूड में कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा युद्ध, राहुल के आह्वान पर सड़क पर उतरी जनता
- हाई-प्रोफाइल ड्रामा खत्म! रोज़ लोकेशन बदलती रही श्रद्धा… वीडियो बनाकर दे रही थी चकमा, जानिए कैसे पकड़ी गई?
- जादू-टोना के शक में हत्या: पड़ोसी पर टंगिया से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
- Hyundai Bayon Photo Leak: लॉन्च से ठीक पहले सामने आईं नई कॉम्पैक्ट SUV की तस्वीरें, बुकिंग जारी
