जयपुर। राजस्थान में हालिया आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों के कथित लापरवाहीपूर्ण व्यवहार को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार को कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी को निलंबित किया गया, छह को एपीओ (पदस्थापन की प्रतीक्षा में) किया गया और दो अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया।

अपराध और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक समेत वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कार्रवाई से बचने नहीं दिया जाना चाहिए।

सीएम ने पुलिसकर्मियों के आचरण से जुड़े मामलों की भी गहन समीक्षा करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लिया जाए और समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सके।

खनन और जमीन विवादों पर भी सख्ती की तैयारी

बैठक में खनन और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों की जिलेवार सूची तैयार करने और उनके निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही आपराधिक घटनाओं की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमित समीक्षा हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।