Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा की सदाचार समिति ने शुक्रवार को कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर तीन विधायकों से पूछताछ पूरी कर ली है। समिति ने निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत और कांग्रेस विधायक अनीता जाटव तथा बीजेपी विधायक रेवंतराम डांगा का पक्ष सुना।
पूछताछ के दौरान समिति ने विस्तृत सवाल किए। तीनों विधायकों ने आरोपों से जुड़े दस्तावेज पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। रेवंतराम डांगा ने 15 दिन, ऋतु बनावत ने 10 दिन और अनीता जाटव ने 7 दिन का समय लिया है। तय अवधि में वे अपने सबूत समिति के सामने रखेंगे। इसके बाद समिति तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

रेवंतराम डांगा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने समिति के सामने अपना पक्ष स्पष्ट रूप से रख दिया है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। वहीं ऋतु बनावत और अनीता जाटव ने भी खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद बीजेपी ने रेवंतराम डांगा को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। डांगा ने स्टिंग को फर्जी बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति कई बार उनके पास आया, लेकिन उन्होंने हर बार इनकार किया। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों की अनुमति गांव वालों की मांग के आधार पर ही दी जाती है।
वहीं इस मामले में कांग्रेस ने विधायक अनीता जाटव को नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। समय पर जवाब नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत को लेकर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही गई है। बता दें पूरा मामला एक अखबार के स्टिंग ऑपरेशन के जरिए सामने आया था।
पढ़ें ये खबरें
- Rajasthan News : पिता के बाद बेटी बनी जज, राजस्थान न्यायिक सेवा परिक्षा की रह चुकी हैं टॉपर
- हाईकोर्ट ने कुम्हार की आजीविका रोकने वाले नायब तहसीलदार के आदेश पर लगाया स्टे, कलेक्टर से मांगा जवाब
- CG News : धान खरीदी में मनमानी पर हाईकोर्ट सख्त, किसान का बकाया 84 क्विंटल धान लेने का दिया निर्देश
- हाईकोर्ट का पुलिस आरक्षक भर्ती मामले में बड़ा फैसला, वेटिंग लिस्ट से भरे जाएंगे जॉइनिंग के बाद रिक्त पद
- सदन में विनियोग विधेयक पारित : नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा- राज्य और केंद्र के बीच पीस रही जनता, वित्त मंत्री ओपी बोले- संकल्प के बजट के साथ आगे बढ़ रही हमारी सरकार
