Rajasthan News: राजधानी जयपुर में 15 जनवरी, 2026 को होने वाली आर्मी डे परेड को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सेना की ओर से शहर की सड़कों पर भव्य रिहर्सल शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को महल रोड और आस-पास के इलाकों में हुई रिहर्सल के दौरान सेना का अनुशासित मार्च, टैंक, मिसाइल सिस्टम, ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध क्षमताओं का अभ्यास किया गया।

आसमान में हेलिकॉप्टरों की फ्लाई-पास्ट ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रिहर्सल के दौरान सैन्य सुरक्षा बल की टुकड़ियां फ्लैग मार्च करती नजर आई। इस अभ्यास में नेपाल आर्मी का बैंड भी शामिल हुआ, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय रंग मिला।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
रिहर्सल के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक यातायात बंद रहेगा। कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है और आम लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
पहली बार जयपुर में आयोजन
गौरतलब है कि जयपुर में पहली बार आर्मी डे परेड सैन्य छावनी से बाहर आयोजित की जा रही है। मुख्य परेड 15 जनवरी को जगतपुरा स्थित महल रोड पर होगी। इससे पहले 9, 11 और 13 जनवरी को रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसे आम लोग भी देख सकेंगे। हर रिहर्सल और मुख्य परेड में करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। 1 जनवरी से ही महल रोड पर अभ्यास चल रहा है, जिसमें एनसीसी कैडेट्स भी भाग ले चुके हैं।
परेड में दिखेगा सेना का शौर्य
आर्मी डे परेड में सेना की आधुनिक ताकत देखने को मिलेगी। टैंक, मिसाइल, ड्रोन, सैन्य टुकड़ियों का मार्च और लड़ाकू विमानों व हेलिकॉप्टरों की फ्लाई-पास्ट इसका मुख्य आकर्षण होंगे। परेड के दिन एसएमएस स्टेडियम में शौर्य संध्या 2026 आयोजित होगी, जिसमें 1000 ड्रोन का विशेष शो, शहीदों के परिजनों का सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित लाइट एंड साउंड शो शामिल रहेगा।
भवानी निकेतन में होगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की भी संभावना है। इसके अलावा 8 से 12 जनवरी तक सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में नो योर आर्मी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- पनीर-दूध की बड़ी खेप पर छापा, 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर दूध मिला; पैकिंग की तारीख भी जांच के घेरे में
- बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा नया विकल्प, गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को 25 साल का लाइसेंस
- उत्तर प्रदेश के इस गांव में दशहरे पर नहीं जलते चूल्हे, 1857 से जुड़ी है कहानी
- बिहार में दर्दनाक हादसा, नदी से मिट्टी निकालने गईं 3 बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद
- सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा: राष्ट्रीय हिंगलाज सेना का मिला समर्थन; उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा करेंगे दिग्विजय
