Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा के शून्यकाल में आज प्रदेश की कानून व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर नेटवर्क का मुद्दा गरमाया रहा। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा जैसे गैंगस्टरों द्वारा चलाई जा रही डिब्बा कॉलिंग और धमकियों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और व्यापारी खौफ के साये में जी रहे हैं।

कैंसर की तरह बढ़ रहा है नेक्सस
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेलों के अंदर और देश के बाहर बैठे अपराधी अपना नेटवर्क बेखौफ चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित व्यापारियों से लेकर परचून की दुकान चलाने वालों तक को धमकियां मिल रही हैं। भाटी ने चेतावनी दी कि “सिर्फ दो सिपाहियों को घर के बाहर बैठा देने से समाधान नहीं होगा, बल्कि अपराधियों को संरक्षण देने वाले नेक्सस को कैंसर की तरह काट कर फेंकना होगा।” उन्होंने बिहार और यूपी की तर्ज पर गैंगस्टरों की संपत्तियां अटैच करने की मांग भी की।
सरकार का जवाब: 1 लाख से ज्यादा ठिकानों पर दबिश
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने विपक्ष और भाटी के आरोपों का जवाब देते हुए दावा किया कि वर्तमान सरकार के आने के बाद अपराधों पर 100 प्रतिशत अंकुश लगाने की दिशा में काम हो रहा है। मंत्री ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) बेहद सक्रिय है।
मंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में 36,484 टीमों का गठन किया गया और रिकॉर्ड 1,23,936 स्थानों पर दबिश दी गई। उन्होंने पिछली सरकार के कार्यकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि अब अपराधी पाताल से भी ढूंढे जा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिरफ्तारियां
सदन को जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि 50 हजार रुपये के इनामी अमरजीत बिश्नोई को इटली से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सुधा कंवर, आदित्य जैन सोनी, अमित शर्मा उर्फ जय पंडित और जगजीत सिंह जग्गा जैसे अपराधियों के खिलाफ भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इन दावों के बीच ‘ठोस कार्रवाई’ की निरंतरता पर सवाल उठाए।
पढ़ें ये खबरें
- ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन की तैयारी पर भड़की BJP, सिंधिया ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- उनकी सोच हमेशा नेगेटिव …
- सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा से पहले उज्जैन पहुंचे दिग्विजय सिंह, मंदिरों में किए दर्शन; RSS पर लगाया सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप
- रायपुर में मां दुर्ग की विदाई : कुंड में 30 प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन, नगर निगम की चाक-चौबंद व्यवस्था
- ‘बदला या जनादेश?’ MLC देवेंद्र प्रताप सिंह का बड़ा हमला, बोले- अन्याय के खिलाफ दें सशक्त जवाब
- कैमूर में नवरात्रि पर भव्य डांडिया उत्सव, मोहनिया विधायक संगीता कुमारी ने महिलाओं संग जमकर खेले गरबा
