Rajasthan News: राजस्थान के बारां से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। NH-27 पर हुए एक सड़क हादसे की गुत्थी जब खुली, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। जो मामला आम एक्सीडेंट का लग रहा था, वह दरअसल एक मासूम के अपहरण और मौत की दर्दनाक कहानी निकली।

गौरतलब है कि बीती रात बारां कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कार ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में 6 साल के शंकर केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद इंद्रलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
पिता-पुत्र समझकर पुलिस कर रही थी जांच
शुरुआत में पुलिस को लगा कि घायल इंद्रलाल और मृतक बालक पिता-पुत्र हैं। लेकिन जैसे ही अस्पताल में इंद्रलाल का मोबाइल ऑन हुआ, पूरी हकीकत सामने आ गई। दरअसल, बालक शंकर केवट कोटा जिले के कोलाना गांव का रहने वाला था, जिसका रविवार दोपहर को ही अपहरण हुआ था।
कैसे खुला राज?
मासूम शंकर कोलाना गांव में घर के बाहर खेल रहा था, तभी मजदूरी करने वाले इंद्रलाल ने उसे साइकिल पर बैठाया और गायब हो गया। शाम को जब दादी घर लौटीं और बच्चा नहीं मिला, तो कोहराम मच गया। गांव वालों ने बताया कि उन्होंने शंकर को इंद्रलाल के साथ देखा था। जब तक परिजन इंद्रलाल को फोन मिलाते, तब तक उसका फोन स्विच ऑफ था। रात 10 बजे जब पुलिसकर्मियों ने कार की टक्कर से गंभीर घायल हुए इन्द्रलाल का मोबाइल ऑन किया तो उसका मैसेज शंकर केवट के परिजनों के पास पहुंचा। तब पता चला कि बच्चे की मौत हो गई है और इंद्रलाल गंभीर रूप से घायल है।
अपहरणकर्ता के होश में आने का इंतजार
फिलहाल, आरोपी इंद्रलाल कोटा के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। बारां कोतवाली पुलिस ने उस क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है जिससे यह हादसा हुआ। सूत्रों के अनुसार, यह कार महज 15 दिन पहले ही खरीदी गई थी। पुलिस ने कार में सवार 2-3 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
मृतक के पिता दिलीप केवट ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि इंद्रलाल के होश में आते ही उससे सख्ती से पूछताछ की जाए। परिजनों को शक है कि इंद्रलाल किसी बड़े अपहरण गिरोह का हिस्सा हो सकता है।
पढ़ें ये खबरें
- MP-UP को जोड़ेगा नया फोर लेन बायपास: CM डॉ. मोहन ने PM मोदी और केन्द्रीय मंत्री गडकरी का जताया आभार, ट्रैफिक का कम होगा दबाव
- रफ्तार ने रोक दी सांसेंः अनियंत्रित होकर डिवाइडर से भिड़ी कार, 2 की मौके पर मौत, 4 का हाल देख चीख पड़े लोग
- MP में अहमदाबाद के शख्स की मौत, होटल में संदिग्ध परिस्थिति में मिली लाश, मचा हड़कंप
- Former BJP MLA Death : पूर्व भाजपा विधायक जागेश्वर राम भगत का निधन, CM साय ने जताया शोक
- प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ी, युवक ने दी जान देने की धमकी

