Rajasthan News: अजमेर जिले के पुष्कर में सार्वजनिक स्थानों पर इजरायल के विरोध और फिलिस्तीन के समर्थन में स्टिकर लगाना एक विदेशी पर्यटक को महंगा पड़ गया। मामला 21 जनवरी का है, जब शहर के अलग-अलग इलाकों में छोटे-छोटे स्टिकर लगाए जाने की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिली।

जांच में सामने आया कि इस गतिविधि में एक विदेशी नागरिक और उसकी महिला मित्र शामिल हैं। इसके बाद खुफिया तंत्र ने निगरानी शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच में पता चला कि ब्रिटेन का नागरिक लुईस गैब्रिएल डी अपनी गर्लफ्रेंड अनुशी एमा क्रिस्टीन के साथ टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था और पुष्कर में ठहरा हुआ था।
मामले को गंभीर मानते हुए खुफिया विभाग ने जिला पुलिस को अलर्ट किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (CID) राजेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने दोनों विदेशी नागरिकों को चिन्हित कर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि टूरिस्ट वीजा पर रहते हुए उन्होंने राजनीतिक प्रकृति की गतिविधि की, जो वीजा शर्तों का उल्लंघन है। इसके बाद पुलिस की मदद से सभी स्टिकर हटवाए गए।
खुफिया एजेंसियों ने दोनों के ठहरने, आवाजाही और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की और पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई। मामले की जांच के दौरान यह भी पुष्टि हुई कि पुष्कर में लगाए गए स्टिकर इजरायल विरोध और फिलिस्तीन समर्थन से जुड़े थे।
वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों विदेशी नागरिकों का टूरिस्ट वीजा रद्द कर दिया गया और उन्हें लीव इंडिया नोटिस जारी करते हुए देश छोड़ने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत में टूरिस्ट वीजा पर आकर किसी भी तरह की राजनीतिक या विरोधात्मक गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- Murmura Tikki Recipe: आलू और मुरमुरे से बनाएं चटपटी टिक्की, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन
- छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार, CM साय ने दी बधाई, कहा- प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
- कानपुर होमगार्ड भर्ती घोटाला: मेडिकल में 50 हजार मांगने वाले दो डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, जानें मामला
- भोपाल में 26 प्रतिशत बढ़े महिलाओं के खिलाफ अपराध: अपहरण के मामलों में 50% का उछाल, पुलिस व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
- मिशन 2027 या कोई बड़ा सियासी समीकरण? एक साल बाद रामपुर जेल में होगी अखिलेश-आजम की मुलाकात
