Rajasthan News: राजस्थान में पेपर लीक माफियाओं और सिस्टम में बैठे सफेदपोशों के बीच का गंदा खेल एक बार फिर सामने आया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ा धमाका करते हुए RPSC के पूर्व मेंबर बाबूलाल कटारा को चौथी बार गिरफ्तार किया है। इस बार खुलासा हुआ है कि कटारा ने स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती का पेपर महज 60 लाख रुपए में बेच दिया था। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने सिर्फ पैसे ही नहीं लिए, बल्कि अपने भांजे को पास कराने के लिए दूसरे पेपर की डील भी की थी।

भांजे के लिए मांगी भूगोल की मदद
SOG की जांच में पता चला है कि बाबूलाल कटारा के पास कृषि विज्ञान का पेपर सेट करने की जिम्मेदारी थी। कटारा ने इस मौके का फायदा उठाया और पेपर को अपने सरकारी आवास पर ले गया। वहां उसके भांजे विजय डामोर ने पूरे पेपर को एक रजिस्टर में उतारा। इसके बाद यह हाथ से लिखा पेपर माफिया अनिल उर्फ शेर सिंह मीणा को 60 लाख रुपए में थमा दिया गया। बदले में कटारा ने शेर सिंह से कहा कि उसका भांजा भूगोल का पेपर दे रहा है, तो उसे भूगोल और सामान्य ज्ञान का पेपर लाकर दो।
एक फर्जी मार्कशीट ने खोल दी पोल
इस पूरे घोटाले की कड़ी एक फर्जी मार्कशीट से जुड़ी है। जयपुर के फागी में तैनात एक टीचर अनिता चौधरी की एमएससी की डिग्री संदिग्ध लगी। जब SOG ने गहराई से जांच की, तो पता चला कि उसने बैकडेट में फर्जी डिग्री बनवाई थी। इसी जांच की आंच सीकर के अशोक यादव तक पहुंची, जिसने भर्ती परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया था। अशोक से जब कड़ी पूछताछ हुई, तो वह टूट गया। उसने कबूला कि उसने 7 लाख रुपए में सॉल्वड पेपर खरीदा था।
परीक्षा में नंबरों का खेल, 300 में से 239 अंक
अशोक यादव के नंबरों ने अधिकारियों को हैरान कर दिया। सामान्य ज्ञान के पहले पेपर में उसे 150 में से सिर्फ 68 नंबर मिले, लेकिन जैसे ही दूसरे पेपर (कृषि विज्ञान) की बारी आई, उसने 300 में से 239 नंबर खींच लिए। यह इतना बड़ा अंतर था कि साफ लग रहा था कि दाल में कुछ काला है। 280 पदों की इस भर्ती में केवल 55 लोग ही पास हो पाए थे, जिनमें से अशोक जैसे कई लोग सेटिंग के दम पर टॉप कर गए।
NEET लीक पर भी आया बड़ा अपडेट
इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीजी विशाल बंसल ने नीट (NEET) परीक्षा को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि करीब महीने भर पहले से छात्रों के पास 150 पन्नों की एक पीडीएफ फाइल घूम रही थी, जिसे गैस पेपर कहा जा रहा था। दावा है कि केमिस्ट्री के 150 में से 120 सवाल इसी से आए हैं। फिलहाल इस मामले में देहरादून कनेक्शन की जांच चल रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- CM साय ने मुंगेली जिले को दी 353 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, रेललाइन को लेकर बोले- थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, सभी जिलों तक पहुंचेगी रेल सुविधा
- छत्तीसगढ़ में बनी फिल्म “भीम चिंताराम” को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही प्रसिद्धि, यूक्रेन के 100 स्कूलों में दिखाई जाएगी फिल्म
- थाने के सामने ट्रिपल सुसाइड की कोशिश: परिवार के 3 लोगों ने खाया जहर, मचा हड़कंप
- बारिश का अलर्ट : चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील, मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही पहुंचे धाम
- RCB vs MI IPL 2026: रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु ने 2 विकेट से दर्ज की जीत, मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर, क्रुणाल पांड्या ने जड़ा मैच विनिंग अर्धशतक
