Rajasthan News: जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार ऑडी कार ने भीषण कहर बरसाया। मानसरोवर के भीड़भाड़ वाले इलाके में करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में जा घुसी।

हादसे के समय मौके पर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। ऑडी ने करीब 16 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
रेस के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त दो कारों के बीच रेस लग रही थी। मौके से पकड़े गए कार सवार रेनवाल निवासी पप्पू ने बताया कि ऑडी कार चूरू निवासी दिनेश रणवां चला रहा था। कार में दो अन्य लोग भी मौजूद थे। रेस के दौरान ऑडी बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद फूड स्टॉल्स की ओर मुड़ गई।
स्टॉल संचालक और ग्राहक हुए ज्यादा घायल
तेज रफ्तार कार ने 10 से अधिक ठेले-थड़ियों को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक अन्य कार भी पलट गई। घायल हुए लोगों में अधिकांश फूड स्टॉल संचालक और वहां खाना खा रहे लोग शामिल हैं।
एक की मौत, 4 की हालत गंभीर
पत्रकार कॉलोनी थाना प्रभारी गुंजन सोनी ने बताया कि हादसे में 16 से ज्यादा लोग घायल हुए। सभी को जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा को मृत घोषित कर दिया गया। रमेश फूड स्टॉल पर हेल्पर का काम करता था। चार गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
आरोपी फरार, एक पुलिसकर्मी भी शामिल
हादसे के बाद ड्राइवर सहित तीन लोग मौके से फरार हो गए, जिनमें जयपुर पुलिस का एक सिपाही भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने ऑडी कार जब्त कर ली है। कार में मिले मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।
सोलर कारोबारी है ड्राइवर
पुलिस के मुताबिक आरोपी ड्राइवर दिनेश रणवां सोलर बिजनेस से जुड़ा है और उसने तीन महीने पहले ही ऑडी कार खरीदी थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पढ़ें ये खबरें
- अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 10 पिस्तौल और 1.022 किलो हेरोइन बरामद
- पहले गाड़ी को मारी टक्कर, फिर आंखों में झोंकी मिर्ची… नरसिंहपुर में ज्वेलर्स से 35 लाख की लूट
- राजधानी में बदमाश बेखौफ: घर में अकेली 75 वर्षीय महिला को हथियार दिखाकर बनाया बंधक, 2 किलो चांदी और 30 हजार की लूट
- नवमी की रात दारोगा के दो बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, छोटे की मौत और बड़ा घायल
- ‘मैली यमुना’ कब बनेगी निर्मल? अमित शाह दिल्ली को देंगे ₹8,941 करोड़ की सौगात, रेखा सरकार ने ‘बर्थडे विद यमुना’ पहल शुरू की
