Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-62 पर केंचियां कस्बे के पास उस समय हुआ, जब एक निजी एंबुलेंस और भारतीय सेना के एएलएस (ALS) वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (राजस्थान) लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एंबुलेंस चालक सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में चला गया। उसी समय सामने से आ रहे सेना के ऑपरेशनल काफिले के एएलएस वाहन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में सवार लोग जयपुर के एक अस्पताल से इलाज के बाद डिस्चार्ज होकर अपने घर श्रीगंगानगर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद सेना के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस की मदद से सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान श्रीगंगानगर जिले के हिंदूमलकोट क्षेत्र के चक 5बी कोनी गांव के रहने वालों के रूप में हुई है। तीनों शवों को सूरतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

हादसे में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें दो घायलों को श्रीगंगानगर और दो अन्य की गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर रेफर किया गया है।

सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह एंबुलेंस चालक द्वारा गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास माना जा रहा है।