Rajasthan News: राजस्थान की न्यायिक राजधानी जोधपुर में विदेश जाकर मोटी कमाई करने का सपना एक युवक के लिए बुरा ख्वाब बन गया। जब एक शातिर एजेंट ने उसे कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की चपत लगा दी। इस मामले में खांडा फलसा थाना पुलिस ने कोर्ट के दखल के बाद दिल्ली के एक इमीग्रेशन एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

साढ़े तीन साल का भरोसा और 4 लाख का खेल
दरअसल, यह पूरा मामला साल 2023 से शुरू हुआ था। पीड़ित कमल पुरोहित अपनी बेहतर जिंदगी के लिए विदेश में नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी कुणाल टैंक से हुई। आरोपी ने खुद को एक बड़ी इमीग्रेशन फर्म का मालिक बताया और पीड़ित को यकीन दिलाया कि वह उसे कनाडा में सेटल करवा देगा। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने झांसा देकर दो किस्तों में कुल 4 लाख रुपये डकार लिए।
मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन तक का किया नाटक
गौरतलब है कि ठग कुणाल ने पीड़ित को फंसाने के लिए बाकायदा प्रोफेशनल तरीका अपनाया। उसने कनाडा की एक नामी कंपनी का फर्जी लेटरहेड दिखाया और ईमेल के जरिए कई जाली दस्तावेज भेजे। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़ित का फर्जी मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन भी करवाया ताकि उसे लगे कि सब कुछ कानूनी तरीके से हो रहा है। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित का पासपोर्ट और आधार समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।
पैसा मांगने पर मिली धमकी, अब पुलिस करेगी हिसाब
जब महीनों बीत गए और वीजा का कोई अता-पता नहीं चला, तो कमल को शक हुआ। उसने जब अपने 4 लाख रुपये वापस मांगे, तो एजेंट कुणाल अपनी असलियत पर उतर आया। उसने पैसे लौटाने के बजाय पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया। हार मानकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद अब खांडा फलसा थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। जांच अधिकारी एएसआई मनोहर लाल ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और दिल्ली पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण, पुलिस ने छापेमारी कर 8.56 लाख के पटाखे किए जब्त, आरोपी गिरफ्तार
- पानीपत में बाइक को टक्कर के बाद फायरिंग, जान बचाने खेत में भागे चाचा-भतीजा
- डिप्टी CM जगदीश देवड़ा के OSD रहे अधिकारी पर गिरी गाज! 1 करोड़ रुपये रिश्वत के आरोपों में दीपम रायचुरा निलंबित
- UP Board Exam Date: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का टाइमटेबल जारी! 5 फरवरी से इम्तिहान, चेक करें पूरा शेड्यूल
- नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत
