Rajasthan News: राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा शनिवार को बारां जिले के अंता पहुंचे, जहाँ उन्होंने सिविल डिफेंस भर्ती में हुई कथित धांधली को लेकर कड़े तेवर दिखाए हैं। जनसुनवाई के दौरान युवाओं के दर्द को सुनकर मंत्री ने साफ कह दिया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

भर्ती में पर्ची सिस्टम का आरोप
दरअसल, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अंता में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान किशनगंज विधायक ललित मीणा भी उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जब वे कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचे, तो वहां युवाओं की भारी भीड़ अपनी शिकायतें लेकर उमड़ पड़ी। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बारां सिविल डिफेंस भर्ती में अधिकारियों और बाबुओं ने जमकर बंदरबांट की है।
2 दिन का अल्टीमेटम, होगी बड़ी कार्रवाई
मीडिया से बातचीत करते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कहा, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत मेरे पास आई है। मुझे पता चला है कि सिर्फ बारां ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में इस भर्ती में खेल हुआ है। उन्होंने आगे भरोसा दिलाया कि अगले 2 दिन के भीतर मामले की पूरी जांच कराई जाएगी और जहां भी फर्जीवाड़ा हुआ है, उसे तुरंत ठीक किया जाएगा।
नेशनल प्लेयर को भी नहीं छोड़ा
सूत्रों के अनुसार, भर्ती से वंचित रहे अरविंद कुमार मीणा ने मंत्री के सामने अपना दुखड़ा रोते हुए बताया कि वे एक नेशनल प्लेयर हैं और उनके पास सिविल डिफेंस की विशेष ट्रेनिंग भी है, फिर भी उन्हें बाहर कर दिया गया। आरोप है कि भर्ती में ऐसे लोगों को चुन लिया गया जो न तो दौड़ में शामिल हुए और न ही उनके पास जरूरी दस्तावेज थे। सिर्फ जान-पहचान और मिलीभगत के दम पर अयोग्य लोगों को लिस्ट में जगह मिल गई।
प्रशासनिक महकमे में खलबली
मंत्री के इस बयान के बाद जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग के दफ्तरों में हड़कंप मच गया है। किरोड़ी लाल मीणा ने स्पष्ट किया कि आपदा राहत जैसे महत्वपूर्ण विभाग में किसी भी तरह की कोताही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- इंदौर में आतंकी हमले से बचने की तैयारी, NSG, पुलिस और खुफिया अधिकारी की बैठक, मॉक ड्रिल को लेकर हुई चर्चा
- दुर्गा पूजा ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई, 3 पुलिसकर्मी निलंबित, थानाध्यक्ष से मांगा जवाब
- सेना अधिकारी की पत्नी चीनी एजेंटों से साझा की संवेदनशील जानकारी, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दर्ज किया मामला…
- भोपाल स्टेशन का बदलेगा सिस्टम: कई ट्रेनें होंगी शिफ्ट, रानी कमलापति से चलेंगी कुछ गाड़ियां
- कोलकाता: दुर्गा पूजा पंडाल की महिला वॉलंटियर से यौन उत्पीड़न, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी ASI गिरफ्तार

