Rajasthan News: कोटा शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। केशवपुरा गुजराती कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय लक्ष्मण और पश्चिम बंगाल के कोचिंग छात्र आर्यन की मलबे में दबने से मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार की कमर तोड़ दी, क्योंकि लक्ष्मण ही अपनी विधवा मां का सहारा था।

डेढ़ साल पहले पिता की लंबी बीमारी से मौत के बाद घर की जिम्मेदारी काफी हद तक लक्ष्मण पर आ गई थी। वह मां का हाथ बंटाता था और कपड़े बेचकर परिवार चलाने में मदद करता था। शनिवार शाम भी वह कपड़े बेचकर लौटा और मां से कहकर खाना खाने बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौट सका। घर में अब मां के साथ दो बहनें और एक छोटा भाई रह गए हैं, परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है।
रविवार को पहचान होने के बाद गुजराती समाज के लोग कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। समाज के लोगों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लक्ष्मण जिस रेस्टोरेंट पर पहुंचा, वहां कुछ देर बाद ही बगल की इमारत भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गया। जवाहर नगर थाने के एएसआई किशोर ने बताया कि सिर में गंभीर चोट और दम घुटने से उसकी मौत हुई। लोगों का कहना है कि लक्ष्मण पहले इसी रेस्टोरेंट पर काम भी कर चुका था।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए लापरवाही को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि आसपास कोचिंग छात्रों की आवाजाही रहती है, इसके बावजूद पास ही ड्रिलिंग का काम चल रहा था। सवाल उठाया जा रहा है कि ऐसी गतिविधियों के बीच इमारत की सुरक्षा जांच क्यों नहीं हुई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
हादसे में पूरब और शालीन नाम के दो युवक भी घायल हुए हैं, जो रिश्ते में ममेरे भाई हैं। दोनों स्कूटी से खाना खाने पहुंचे थे कि अचानक इमारत गिर गई। पूरब के पैर में फ्रैक्चर है। उनके पिता नेमीचंद ने बताया कि घटना की जानकारी शालीन ने फोन पर दी, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इसी हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी करीब 22 वर्षीय कोचिंग छात्र आर्यन की भी मौत हो गई। वह अपनी मां सुचिता के साथ रेस्टोरेंट आया था। इमारत गिरने से दोनों मलबे में दब गए। आर्यन की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निभाई 300 साल पुरानी परंपरा, देवघर में की संत मंसूर शाह की पूजा; जानिए आधी रोटी और आशीर्वाद का रहस्य
- दीपक चाहर का वीडियो वायरल: लाखों के बैट हुए चोरी, परेशान होकर बोले- ‘योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के?’
- बाढ़ के पानी में उतरे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभावित परिवारों से मिलकर बोले- संकट की घड़ी में हर बाढ़ पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार
- ट्रैफिक पुलिस ने काटा चालान तो नाराज बाइक सवार ने रोक दिया मंत्री का काफिला
- गणेश विसर्जन झांकी: 60 से अधिक झाकियां देखने पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचे लोग, पुलिस ड्रोन से कर रही निगरानी

