Kota Stray Dogs News: राजस्थान के कोटा में राष्ट्रीय दशहरा मेला आयोजन की समीक्षा बैठक के दौरान आवारा कुत्तों का मुद्दा उठा। संभागीय आयुक्त कार्यालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी ने कुत्तों के काटने की घटनाओं पर चिंता जताई। इस पर मेयर अनुसुईया गोस्वामी ने हंसते हुए कहा, ‘आजकल लोग ज्यादा काटते हैं, बेचारे कुत्तों की कहां औकात?’ उनकी यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

डिप्टी मेयर ने उठाया आवारा कुत्तों का मुद्दा
बैठक में राष्ट्रीय दशहरा मेले के आयोजन और वहां काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी ने आवारा कुत्तों की समस्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा, आजकल लोगों को कुत्ते बहुत काट रहे हैं, उनका भी देखना पड़ेगा। उनके पास बैठे कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने भी इस मुद्दे पर बात की और पूछा कि कुत्ते क्या कह रहे हैं।
मेयर की टिप्पणी पर बैठक में लगे ठहाके
डिप्टी मेयर की बात के जवाब में मेयर अनुसुईया गोस्वामी ने हंसते हुए कहा, ये शहर की बात कर रहे हैं। आजकल लोग ज्यादा काटते हैं, बेचारे कुत्तों की कहां औकात? मेयर की टिप्पणी सुनकर बैठक में मौजूद लोग हंस पड़े। कलेक्टर पीयूष समारिया, सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम और निगम आयुक्त ओपी मेहरा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। अब यह बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
हंसी-मजाक से अलग, शहर में स्ट्रीट डॉग की समस्या
बैठक में आवारा कुत्तों का मुद्दा भले ही हंसी-मजाक के बीच उठा हो, लेकिन शहर में स्ट्रीट डॉग की समस्या लोगों की सुरक्षा से जुड़ी है। कुत्तों के कारण पैदल चलने वालों और सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्ट्रेट जैसे सरकारी परिसरों से लेकर स्कूलों और कॉलोनियों तक, कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने और सार्वजनिक जगहों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सवाल अहम है। डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी ने बैठक में आवारा कुत्तों के काटने की समस्या पर ध्यान देने की बात कही। मेयर की टिप्पणी के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान
