Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चांदपोल सर्किल क्षेत्र में रविवार को उस समय भारी तनाव व्याप्त हो गया, जब एक दरगाह की छत निर्माण को लेकर दो समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधि आमने-सामने आ गए। हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य द्वारा निर्माण कार्य को लैंड जिहाद बताए जाने के बाद मौके पर जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। स्थिति को बिगड़ते देख भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।

विधायक बालमुकुंद आचार्य का लैंड जिहाद का आरोप
विवाद की शुरुआत तब हुई जब विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने कार्यकर्ताओं के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य रुकवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी सब्जी मंडी परिसर में स्थित एक पुराने 4×4 फीट के ढांचे को अवैध रूप से 400 गज में फैलाने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने इसे ‘लैंड जिहाद’ करार देते हुए कहा कि अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अमीन कागजी का पलटवार: विधायक निधि से मंजूर है कार्य
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अमीन कागजी भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बालमुकुंद आचार्य के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि निर्माण पूरी तरह वैध है।
नगर निगम की अनुमति
निर्माण स्थल पर मौजूद कर्मियों ने जयपुर नगर निगम द्वारा जारी मंजूरी के आदेश दिखाए। विधायक कागजी ने बताया कि इस कार्य के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये जारी किए गए थे, जिसके वर्क ऑर्डर और वित्तीय स्वीकृति के दस्तावेज मौजूद हैं।
पुलिस कमिश्नरेट पहुंचा मामला
मौके पर पहुंचे आला पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया, लेकिन सियासी पारा अभी भी चढ़ा हुआ है। विधायक अमीन कागजी और आदर्श नगर विधायक रफीक खान इस मामले की शिकायत दर्ज कराने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे। उन्होंने बालमुकुंद आचार्य पर शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
पढ़ें ये खबरें
- ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निभाई 300 साल पुरानी परंपरा, देवघर में की संत मंसूर शाह की पूजा; जानिए आधी रोटी और आशीर्वाद का रहस्य
- दीपक चाहर का वीडियो वायरल: लाखों के बैट हुए चोरी, परेशान होकर बोले- ‘योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के?’
- बाढ़ के पानी में उतरे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभावित परिवारों से मिलकर बोले- संकट की घड़ी में हर बाढ़ पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार
- ट्रैफिक पुलिस ने काटा चालान तो नाराज बाइक सवार ने रोक दिया मंत्री का काफिला
- गणेश विसर्जन झांकी: 60 से अधिक झाकियां देखने पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचे लोग, पुलिस ड्रोन से कर रही निगरानी

