Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का शुक्रवार को प्रस्तावित जयपुर दौरा अचानक स्थगित हो गया। जयपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठक को भी रद्द कर दिया गया। इस बैठक में संगठन चुनाव और राज्य के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होनी थी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक को स्थगित कर दिया, जिससे सियासी अटकलें और तेज हो गई हैं।

रद्द हो सकती है एसआई भर्ती परीक्षा?
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने जानकारी दी कि स्थगित कैबिनेट बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित थी। इसमें वन नेशन, वन इलेक्शन की रणनीति, जिलों से जुड़े मुद्दे और सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा पर अंतिम निर्णय लिया जाना था। SI भर्ती परीक्षा के संबंध में सीएम को सब-कमेटी की रिपोर्ट पहले ही सौंप दी गई है। विधि विभाग ने भी अपनी सिफारिशें दे दी हैं। अब इस मामले में अंतिम निर्णय अगली कैबिनेट बैठक में लिया जाएगा। परीक्षा की संभावित रद्दीकरण की चर्चा ने अभ्यर्थियों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चाएं तेज
राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयासों का दौर जारी है। राज्य विधानसभा की कुल 200 सीटों में अधिकतम 15% की सीमा के तहत 30 मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। वर्तमान में भजनलाल सरकार में 24 मंत्री हैं, जिसका अर्थ है कि मुख्यमंत्री छह और मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में स्थान दे सकते हैं।
पिछले महीने राज्य में सात सीटों पर हुए उपचुनावों में बीजेपी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। यह चुनावी प्रदर्शन संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर असर डाल सकता है। साथ ही, भजनलाल सरकार ने इसी महीने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा किया है, जो नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने का सही समय माना जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का दौरा स्थगित
जेपी नड्डा का जयपुर दौरा, जिसे राज्य की राजनीति में अहम माना जा रहा था, अचानक स्थगित होने से सियासी समीकरण बदलते दिख रहे हैं। भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठनात्मक चुनाव और राजस्थान के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा होनी थी। हालांकि दौरा रद्द करने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन इससे राजनीतिक माहौल में संशय बढ़ गया है।
पढ़ें ये खबरें
- राजधानी में झांकियों को बम से उड़ाने की धमकी, लेटर में लिखा- अगली बार नहीं समझाऊंगा, हिंदू समाज में आक्रोश
- Sonipat Electrocution News: हाईटेंशन लाइन से पाइप टकराने पर हादसा, 2 मजदूरों की मौत
- ‘कैसा किसान कल्याण वर्ष?’, सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में गरजीं दिग्विजय की पत्नी नम्रता राव; सरकार पर बोला तीखा हमला
- सड़कों पर मिट्टी और निर्माण मलबा, 3 नवंबर को आयोग के सामने पेश होंगे अधिकारी
- Craft University in UP: कारीगरों की बल्ले-बल्ले! हुनर के साथ मिलेगी क्राफ्ट यूनिवर्सिटी की डिग्री, पढ़ें पूरा प्लान

