RSS Pracharak Krishna Avatar Assault Case: राजस्थान के जयपुर जिले के नरैना थाने में शनिवार रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के विरोध में संघ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक थाने का घेराव किया। बाजार भी बंद रहे। जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान सहाय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और थानाधिकारी उमराव सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
फुलेरा जाते समय थाने ले जाने का आरोप
कृष्ण अवतार के पास सांभर जिले का प्रभार है। शिकायत के मुताबिक, शनिवार रात फुलेरा जाते समय नरैना थाने के पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए। कृष्ण अवतार ने थानाधिकारी उमराव सिंह को अपना परिचय देते हुए बताया कि वह संघ के प्रचारक हैं। आरोप है कि इसके बाद थानाधिकारी नाराज हो गए।
पुलिसकर्मियों पर गंभीर मारपीट के आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थानाधिकारी उमराव सिंह ने पुलिसकर्मियों से कहा, “आज इसकी प्रचारकी उतार दो।” इसके बाद एएसआई ओंकार सिंह, अजय, रमेश, कुलदीप, महिपाल और विनोद पर संघ तथा कृष्ण अवतार के परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप है।
आरोपों के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मियों ने कृष्ण अवतार के हाथ-पैर पकड़ लिए और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। निजी अंगों पर हमला करने और कपड़े उतरवाकर पीटने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए।
अस्पताल ले जाने के बाद दोबारा मारपीट का आरोप
बताया गया है कि पुलिसकर्मी कृष्ण अवतार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। आरोप है कि होश आने के बाद उनके साथ फिर मारपीट की गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के SMS अस्पताल रेफर कर दिया गया।
छह घंटे तक थाने का घेराव, बाजार बंद
घटना की जानकारी सामने आने के बाद संघ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण विरोध में उतर आए। लोगों ने करीब छह घंटे तक नरैना थाने का घेराव किया। विरोध के चलते बाजार भी बंद रहे।
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, फुलेरा के पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और भाजपा जयपुर जिला देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर सहित भाजपा नेता और संघ पदाधिकारी थाने के बाहर धरने पर बैठे।
SHO समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान सहाय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इसके बाद थानाधिकारी उमराव सिंह, एएसआई ओंकार सिंह, रमेश और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एसपी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- डिजिटल नेटवर्क के दौर में रिश्तों की अहमियत समझाएगा ‘रिश्तों का नेटवर्क’, चार नाटकों ने दिया सामाजिक संदेश
- सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, नक्सली डंप से भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
- 25 वर्षों का सेवा काल: बिहार कैबिनेट ने PM मोदी को दी शुभकामनाएं, सम्राट चौधरी बोले- अधूरे प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार
- शारदीय नवरात्रि विशेष: अंबिका माता को क्यों कहते हैं मरिमाता, यहां है माता का प्राचीन मंदिर…
- उत्तराखंड के 610 गांवों-बस्तियों तक पहुंचेगी सड़क? धामी ने केंद्र से मांगी 315 सड़कों की मंजूरी
