Rajasthan News: राजस्थान के टोंक जिले में देवली-उनियारा विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रहे नरेश मीणा ने 11 सूत्री मांगों को लेकर एक बार फिर प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। सोप थाना क्षेत्र के कोटड़ी मोड़ पर जनसभा के बाद उन्होंने समर्थकों के साथ जयपुर कूच का ऐलान किया। कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे-116 पर आमली मोड़ के पास बेरिकेडिंग कर काफिले को रोक दिया।

तनाव के बीच हालात नियंत्रण में
आमली मोड़ पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, हालांकि प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। मौके पर नरेश मीणा के सैकड़ों समर्थक जुटे हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन सतर्क है।
एडीएम-एएसपी से दो दौर की बातचीत
गतिरोध सुलझाने के प्रयास में एडीएम और एडिशनल एसपी ने नरेश मीणा से दो दौर की वार्ता की। उच्च अधिकारियों से फोन पर भी बातचीत कराई गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। नरेश मीणा अपनी मांगों पर अड़े रहे।
सीएमओ से सीधी बातचीत पर अड़े
नरेश मीणा ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी बातचीत नहीं होती और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे जयपुर कूच से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि यह आंदोलन जनता के अधिकारों से जुड़ा है।
अहिंसक आंदोलन का ऐलान
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और शहीद दिवस के अवसर पर नरेश मीणा ने आंदोलन को अहिंसक रखने की घोषणा की। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की।
11 सूत्री मांगें
मांगों में 14 गांवों को उनियारा में जोड़ने, 60 युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, मुआवजा वितरण, समर्थन मूल्य, फसल बीमा, सड़क और पानी की समस्या का समाधान, टोल वसूली से राहत, नगरफोर्ट थाने में दर्ज तीन मामलों को खत्म करने, सोप थाने में महिलाओं से कथित बर्बरता सहित देवली-उनियारा क्षेत्र के थानों में पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों में कार्रवाई की मांग शामिल है। इसके अलावा अलीगढ़ में सड़क निर्माण, ईसरदा बांध पीड़ित मालियों की झोपड़ियों से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग भी शामिल है।
प्रशासन मौके पर तैनात
आमली मोड़ पर एडीएम रामरतन सोंकरिया, एएसपी रतनलाल भार्गव, एसडीएम हुक्मीचंद रोहलनिया सहित उनियारा और अलीगढ़ क्षेत्र के कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम: CM साय बोले- तीजा-पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और कृषि परंपरा के प्रतीक
- ‘मोदी हमारा भाई है’ लखनऊ में गूंजा नया नारा; बासित अली का खुला चैलेंज- ‘सपा की साइकिल कर देंगे पंक्चर
- कांग्रेस विधायक के बेटे पर बस स्टाफ से मारपीट का आरोप, ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद, वीडियो वायरल…
- कुत्ते ने काटा तो लगा दिया सांप का इंजेक्शन! संजय गांधी अस्पताल में फिर लापरवाही के आरोप, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत
- ‘इज्जत दोगे तो लोगे… नाम तो पूरा शहर जानता है’, युवक को चप्पलों से पीटा, फिर वायरल किया Video, पुलिस को दी खुली चुनौती!


