Rajasthan News: राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय सेना और चुनाव आयोग पर दिए हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब एक 55 वर्षीय युवा नेता दिशाहीन होकर गैर-जिम्मेदार बयान देता है, तो उसकी कीमत पूरे देश को चुकानी पड़ती है।

राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी हर चुनाव से पहले अपने राष्ट्र-विरोधी टूलकिट को सक्रिय करते हैं। उनका मकसद भ्रम फैलाना, अराजकता पैदा करना और लोकतंत्र को कमजोर करना है। वे न्यायपालिका, चुनाव आयोग और सशस्त्र बल जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए चुनाव आयोग संबंधी आरोप पूरी तरह निराधार हैं। अगर मतदाता सूची में कोई त्रुटि है, तो उसे प्रमाण सहित आयोग के सामने रखना चाहिए। सार्वजनिक मंचों से झूठे आरोप लगाना नागरिकों को गुमराह करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पहले भी राहुल गांधी को बिना प्रमाण दावे करने के लिए फटकार चुकी है।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने स्वयं स्वीकार किया था कि लोकतंत्र की रक्षा करना उनका कार्य नहीं है, और यही दर्शाता है कि उनका असली उद्देश्य इसे कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर भारत की संस्थाओं को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी लंबे विदेश प्रवास के बाद लौटकर वहीं की विभाजनकारी सोच को भारत में फैलाने की कोशिश करते हैं। उनके हालिया बयान इस बात का संकेत हैं कि उन्हें आगामी बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार साफ दिख रही है। हताशा में कांग्रेस मतदाता सूचियों और विदेशी हस्तक्षेप जैसे झूठे मुद्दे उछाल रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों पर सवाल उठाकर देश के वीर सैनिकों का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर चुके हैं। यह उनके बलिदान और पराक्रम का अपमान है।
मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जाति, धर्म और क्षेत्रीय आधार पर देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे अंग्रेज ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाते थे।
उन्होंने कहा कि भारत की जनता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित है और ऐसे विभाजनकारी एजेंडे को कभी स्वीकार नहीं करेगी। बिहार चुनाव के नतीजे इस बात का स्पष्ट संकेत देंगे कि देश की जनता राष्ट्र-विरोधी बयानबाजी को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना जानती है और हमेशा देश के गौरव, सुरक्षा और एकता के साथ खड़ी है।
पढ़ें ये खबरें
- RR vs RCB IPL 2026 : राजस्थान के रजवाड़ों का जलवा, बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया, ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी अर्धशतकीय पारी
- Assam Election 2026 : मंत्री ओपी चौधरी ने असम चुनाव में भाजपा की जीता का किया बड़ा दावा, कहा- NDA की लहर नहीं, सुनामी है…
- मुआवजे की जंग: केन-बेतवा विस्थापितों का फूटा गुस्सा, ‘चिता आंदोलन’ हटाने पहुंची पुलिस को लोगों ने दौड़ाया
- रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक! ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से फेरी व्यवसायी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
- Bihar Politics: नीतीश के शपथ लेते ही सियासी हलचल तेज, राजद ने घोषित किया अपना उम्मीदवार
