Rajasthan News: राजस्थान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा सोमवार को टोंक के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पर तीखा हमला बोला। गोरा ने कहा कि पायलट को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस में आज भी उनके लिए राह आसान नहीं है।

पायलट को तो आभार जताना चाहिए
दरअसल, टोंक में मीडिया से बात करते हुए शंकर गोरा ने पायलट के पुराने ‘मानेसर कांड’ की याद दिलाते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा, पायलट साहब खुद कभी मानेसर तो कभी कहीं और चले जाते हैं, उन्हें खुद नहीं पता कि उनकी पार्टी में क्या चल रहा है। उन्होंने जो मुद्दे उठाए थे, उन्हें हमारी (भाजपा) सरकार ने पूरा किया है, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करना चाहिए।
लाउडस्पीकर और बुलडोजर एक्शन पर खुला समर्थन
सिर्फ राजनीति ही नहीं, शंकर गोरा ने हिंदुत्व और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। मस्जिद माइक विवाद पर उन्होंने विधायक बालमुकुंद आचार्य के मस्जिदों से लाउडस्पीकर की आवाज कम करने वाले बयान का समर्थन किया और कहा कि सरकार को इस पर विचार करना चाहिए। टोंक में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार में दोषियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की जरूरत है और यह होकर रहेगा।
कांग्रेस की खिचड़ी पर निशाना
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर चुटकी लेते हुए गोरा ने कहा कि सदन में उन्हें डोटासरा जी बोलने ही नहीं देते। इससे साफ है कि कांग्रेस के अंदर भारी खींचतान चल रही है। उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस नेताओं को पहले अपनी आंतरिक कलह खत्म करनी चाहिए।
संगठन में होगा बड़ा बदलाव
आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर गोरा ने ऐलान किया कि जल्द ही हर जिले में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। भाजपा युवाओं और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका देने की तैयारी में है।
पढ़ें ये खबरें
- त्योहारों पर हवाई किराए में बढ़ोतरी से आक्रोशः सरकार को वादा याद दिलाने HC जाएगा नागरिक उपभोक्ता मंच
- भारत-चीन सीमा पर बढ़ेगी ITBP की ताकत, 24 QRFV खरीदने की तैयारी; ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम और बंकरों पर भी जोर
- तालाब में तैरता मिला लापता नाबालिग का शव, इलाके में सनसनी, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
- इस दिशा में मुंह करके भोजन करना माना जाता है शुभ, घर में आती है सुख-समृद्धि…
- करवाचौथ 2026 – बाजार की महंगी-मिलावटी मट्ठी छोड़ें, घर में देसी घी और गुड़ से बनाएं खस्ता और टेस्टी मट्ठी, करवा चौथ की सरगी में मजे से खाएं

