भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार देर रात एक निजी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। जहाजपुर शहर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148डी पर नागदी बांध के विकेट मोड़ स्थित ब्लैक स्पॉट पर हुए हादसे में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए। इनमें से 7 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

भोपाल से जोधपुर जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, निजी स्लीपर बस भोपाल से जोधपुर जा रही थी। बुधवार रात करीब 2:30 बजे नागदी बांध के विकेट मोड़ के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जहाजपुर पुलिस और नगर पालिका अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

21 यात्री घायल, 7 को जिला अस्पताल भेजा

हादसे में कुल 21 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 7 यात्रियों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया।

ब्लैक स्पॉट पर पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

नागदी बांध का विकेट मोड़ लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र यानी ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। स्थानीय जानकारी के अनुसार, इस स्थान पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं और पूर्व में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

जल्द बंद कराया जाएगा ब्लैक स्पॉट: एसपी

भीलवाड़ा एसपी सागर राणा ने बताया कि हादसे के बाद घायलों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और इसे जल्द बंद करवाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।