Rajasthan News: जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी के बाहर गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी का गेट पार कर जेएलएन मार्ग की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे, जहां पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया, जिससे राजधानी में भारी हंगामा हुआ।

अमित शाह के बयान के विरोध में प्रदर्शन
विनोद जाखड़ ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। इसी के विरोध में हमने राजस्थान यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर प्रदर्शन किया। लेकिन पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और हिरासत में ले लिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार के इशारे पर NSUI कार्यकर्ताओं को लगातार परेशान कर रही है और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
जमानत पर बाहर आने के बाद प्रदर्शन
गौरतलब है कि विनोद जाखड़ दो दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुए हैं। बुधवार को उन्होंने गोविंद सिंह डोटासरा, अशोक गहलोत, और सचिन पायलट के साथ राजभवन की ओर मार्च किया था, जिसे पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रोक दिया था। गुरुवार को उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ राजस्थान यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस की सख्ती के वीडियो वायरल
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनमें विनोद जाखड़ बैरिकेड पर चढ़ते नजर आ रहे हैं, और पुलिस उन्हें नीचे उतार रही है। जाखड़ ने अपने संदेश में कहा, NSUI का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक अन्यायपूर्ण शासन समाप्त नहीं होता और डॉ. अंबेडकर के विचारों को सम्मान नहीं मिलता।
हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में हिरासत में लिए गए लोगों पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, NSUI कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस दमनकारी रवैया अपना रही है।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : गार्डन में लगी भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए पुतले जलकर खाक, देखें VIDEO…
- श्मशान घाट पर कहासुनी के बाद घर पर की फायरिंग, हत्या के प्रयास में एक आरोपी गिरफ्तार
- राजनाथ सिंह ने सुकना में परखी सेना की ताकत, LAC पर सैन्य तैयारियों और ड्रोन वॉरफेयर की समीक्षा; जवानों के साथ मनाई दिवाली
- नालंदा में छोटी दीपावली की रात भीषण अग्निकांड, मिश्रा टेंट हाउस का गोदाम जलकर राख, लाखों का नुकसान
- ईरान के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने वाले को मिलेगा बम्पर ईनाम, ट्रंप ने किया 20 मिलियन डॉलर का ऐलान
