Rajasthan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने और मुंबई-धनबाद में बम विस्फोट की धमकी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी ने कबूल किया है कि फैक्ट्री मैनेजर से सैलरी को लेकर हुए विवाद के कारण उसने यह धमकी भरे संदेश भेजे. आरोपी ने अपने मैसेज में फैक्ट्री मालिक इरफान रजाड़िया का नाम लेते हुए कहा कि इरफान पीएम मोदी पर हमला करने वाला है.

15 धमकी भरे संदेश भेजे गए
मुंबई पुलिस की एफआईआर के अनुसार, 7 दिसंबर 2024 की रात 1:58 से 2:26 बजे के बीच आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से 15 धमकी भरे संदेश मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर भेजे. इन संदेशों के बाद महाराष्ट्र के वर्ली थाने सहित देश की सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं.
अजमेर से हुई गिरफ्तारी
जांच में पाया गया कि धमकी भरे संदेश राजस्थान के अजमेर से भेजे गए थे. इसके बाद अजमेर की एटीएस, सीआईडी, आईबी और क्लॉक टावर थाना पुलिस ने आरोपी मिर्जा मोहम्मद नदीम बेग को अजमेर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मूल रूप से झारखंड के धनबाद के मठकुरिया क्षेत्र का निवासी है. पूछताछ में उसने बताया कि फैक्ट्री मैनेजर से तनख्वाह न मिलने पर हुए झगड़े के चलते उसने गुस्से में यह कदम उठाया.
मैसेज में क्या कहा था ?
आरोपी द्वारा भेजे गए संदेश में दो आईएसआई एजेंटों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाकर बम धमाके की साजिश का उल्लेख था. इसके साथ ही मुंबई और धनबाद में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी. मुंबई पुलिस ने धमकी भरे इन संदेशों को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई की. पहले भी मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर इस तरह के संदेश आ चुके हैं, लेकिन इस बार का मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया.
आरोपी से पूछताछ जारी है, और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसके बयान में कितनी सच्चाई है. साथ ही, संदेश में जिन नामों का जिक्र किया गया है, उनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पढ़ें ये खबरें
- रायगढ़ नगर निगम की वेबसाइट हैक! खुलते ही दिखा पाकिस्तान का सिंबल, जांच में जुटी पुलिस
- कलेक्टर के सामने महिला ने खोली जिला अस्पताल की पोल, बोली- रात में बिना बताए आइए, तब पता चलेगी हकीकत
- महिला कांग्रेस की बैठक: सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष और महिलाओं के अधिकारों पर हुई चर्चा, आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
- अनोखी शादी: मायके से खुद बरात लेकर निकली दुल्हन, शुभ मुहूर्त के चक्कर में लहंगे में ही सड़क पर लगा दी दौड़
- पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग: गुड़गांव के 40% हिस्से में बिजली सप्लाई ठप, पुलिस ने खुलवाया जाम
