Rajasthan News: मानसरोवर इलाके में अवैध वसूली मामले में पुलिस कर्मियों की संलिप्तता ने एक बार फिर खाकी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया। पुलिस ने अवैध वसूली के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों और कैफे संचालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी अरवन थड़ी कैफे संचालक और रजत पथ मानसरोवर निवासी पवन कुमार गुर्जर (36 वर्ष), मानसरोवर थाने के कांस्टेबल बाबूलाल मीणा (40), अनिल कुमार रेगरा (38 ), कांस्टेबल कैलाश चंद (37), पुलिस थाना नारायण विहार को गिरफ्तार किया है। इसमें कैफे संचालक मुख्य आरोपी है। पुलिस की अब की जांच में यह सामने आया कि यह पूरा मामला दो दोस्तों के बीच रुपयों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा था, जिसमें कैफे संचालक और उसके परिचित पुलिसकर्मियों ने मिलकर नाटकीय ढंग से वसूली की साजिश रची।
यह था मामला
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि 31 दिसंबर को मानसरोवर थाने में परिवादी गोपाल सिंह गुर्जर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त योगेश पटेल के साथ थार गाड़ी में घूम रहा था, तभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और धमकाकर पैसे की मांग की। डरकर हॉस्टल से योगेश के छोटे भाई से रुपए मंगवाए गए और एक गार्डन के सामने पुलिस की गाड़ी में पैसे सौंपे गए। बाद में पुलिसकर्मियों ने कहा कि योगेश से पैसे मिल गए और उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि परिवादी गोपाल सिंह और उसके दोस्त योगेश गुर्जर के बीच पहले से ही पैसे के लेन-देन का विवाद चल रहा था। योगेश को पता था कि गोपाल के पास प्लॉट खरीदने के लिए बड़ी रकम है, जो होस्टल में रखी हुई थी। योगेश ने अपने चचेरे भाई और कैफे संचालक पवन कुमार गुर्जर के परिचित पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर यह पूरी साजिश रची।
योजना के तहत योगेश खुद गोपाल को गाड़ी में बैठाकर ले गया और नाटकीय तरीके से घटना को अंजाम दिया। पैसे लेकर योगेश मौके से फरार हो गया। जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया साबित होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कैफे संचालक पवन कुमार गुर्जर सहित तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। यह घटना पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार और वर्दी के दुरुपयोग के गंभीर सवाल उठा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- पनीर-दूध की बड़ी खेप पर छापा, 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर दूध मिला; पैकिंग की तारीख भी जांच के घेरे में
- बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा नया विकल्प, गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को 25 साल का लाइसेंस
- उत्तर प्रदेश के इस गांव में दशहरे पर नहीं जलते चूल्हे, 1857 से जुड़ी है कहानी
- बिहार में दर्दनाक हादसा, नदी से मिट्टी निकालने गईं 3 बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद
- सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा: राष्ट्रीय हिंगलाज सेना का मिला समर्थन; उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा करेंगे दिग्विजय
