Rajasthan News: राजधानी जयपुर के अशोक नगर इलाके में स्थित अल्फा नाइट क्लब में 10 दिसंबर की देर रात एक दंपती के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में महिला से कथित अश्लील हरकत और विरोध करने पर उसके पति पर बेरहमी से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

झोटवाड़ा निवासी इरम शेख अपने पति नावेद उस्मानी के साथ क्लब गई थीं। इरम के अनुसार, क्लब में पहुंचने के कुछ देर बाद एक वेटर उनके पास आया और क्लब मालिक भरत टांक का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची देते हुए प्राइवेट रूम में मिलने का संदेश दिया। इरम ने इस प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया।
एफआईआर के मुताबिक, बाद में वॉशरूम जाते समय क्लब मालिक भरत टांक, मैनेजर दीपक और कुछ बाउंसर्स ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ अश्लील हरकत की गई और छेड़छाड़ की कोशिश हुई। इरम के शोर मचाने पर उनके पति नावेद मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि क्लब स्टाफ के व्यवहार का विरोध करने पर भरत टांक, दीपक और बाउंसर्स ने नावेद पर सरियों से हमला कर दिया। इस हमले में नावेद का पैर दो जगह से टूट गया। आरोपियों ने दंपती की कार में भी तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद घायल नावेद को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने पैर में दो फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है।
अशोक नगर थाने में इरम शेख की शिकायत पर क्लब मालिक, मैनेजर और बाउंसर्स के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। एसीपी बलराम चौधरी ने बताया कि पुलिस ने क्लब के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपियों की कॉल डिटेल व लोकेशन की जांच की जा रही है। पीड़ित दंपती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पढ़ें ये खबरें
- छपरा में धूमधाम से हुआ दशानन का दहन, अहंकार रूपी रावण का हुआ अंत, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
- अमित शाह पहुंचे गुलजार सिंह के घर, 2-3 महीने में इंसाफ का दिया भरोसा; CBI जांच की उठी मांग
- SUV और KIA में जबरदस्त भिड़ंत, चकनाचूर हुईं दोनों गाड़ियां; दो की मौत, एक घायल
- जयपुर में बैठकर अमेरिका में ठगी का खेल, iPhone ठीक करने के बहाने फंसाते थे नागरिक; 10 गिरफ्तार
- Ritu Barala Case: जयपुर में जीरो FIR पर घिरी कांग्रेस? मदन राठौड़ ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा
