Rajasthan News: भीलवाड़ा में बुधवार शाम एसपी के बंगले के सामने दिनदहाड़े युवती का अपहरण हो गया। काले रंग की स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने युवती को जबरन खींचकर गाड़ी में डाला और फरार हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें कुचलने की कोशिश की।
घटना कलेक्ट्रेट परिसर के पास एसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर शाम करीब 6 बजे हुई। ससुराल पक्ष का आरोप है कि स्कॉर्पियो में युवती के पीहर पक्ष के लोग सवार थे। उनका कहना है कि युवक-युवती ने कोर्ट मैरिज की थी, जिससे युवती का परिवार नाराज था।

जानकारी के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और उसने पीहर पक्ष से जान का खतरा बताते हुए शपथ पत्र दिया था। इसी शपथ पत्र के साथ वह सुरक्षा की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुंची थी। लौटते समय बीच सड़क पर स्कॉर्पियो आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने युवती को जबरन बैठाकर फरार हो गए।
पीहर पक्ष से मिल रही थीं धमकियां
ससुराल पक्ष का कहना है कि युवती को लंबे समय से पीहर पक्ष से धमकियां मिल रही थीं, इसी कारण वह उनसे दूर रह रही थी। सुरक्षा की मांग को लेकर वह एसपी कार्यालय आई थी।
पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश भाग निकले
मौके पर मौजूद विशेष शाखा (DSB) के ASI प्रताप सिंह ने गाड़ी के आगे खड़े होकर स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने रफ्तार कम नहीं की और उन्हें कुचलने की कोशिश की। इस दौरान उनका मोबाइल सड़क पर गिरकर टूट गया और वे बाल-बाल बचे। दो वकीलों ने भी गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भाग निकले। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रास्ते में एक बाइक सवार को भी टक्कर मारने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
चार घंटे में कार्रवाई
एडिशनल एसपी पारस जैन ने बताया कि घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। चार घंटे के भीतर स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। युवती को डिटेन कर लिया गया है और कुछ आरोपियों को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ एक्शन में रेखा गुप्ता सरकार, नियम तोड़ने पर होगा ये एक्शन
- Durg Steel Plant : जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, 1600 डिग्री के पिघले लौहे से झुलसे ठेकेदार की मौत, VIDEO VIRAL
- ‘यह गांधी का देश है…’, मोहन भागवत के रिजीम चेंज वाले बयान पर RJD सांसद मनोज झा का पलटवार
- नवरात्रि उत्सव के दौरान राजधानी में 2 अलग-अलग विवादित मामलेः झांकी के सामने किन्नरों के अश्लील डांस का वीडियो वायरल, गरबा में आपस में भिड़े युवक
- गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने की विशेष पूजा, विजयादशमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
