Rajasthan Nikay Chunav के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। बुधवार को जोधपुर पहुंचे गहलोत ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के प्रति जनता का आक्रोश बढ़ रहा है और इसका असर नगरीय निकाय चुनाव में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर सहित प्रदेशभर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है और भाजपा का कोर वोट बैंक भी उससे दूर होता दिखाई दे रहा है।

गहलोत ने कहा कि उन्हें लगातार जो फीडबैक मिल रहा है, उसमें आम जनता का कांग्रेस के साथ जुड़ाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया।
सरकार ने काम किया होता तो मुख्यमंत्री को इतना घूमना नहीं पड़ता
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लगातार चुनावी दौरों को लेकर भी गहलोत ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि कोई मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश में लगातार प्रचार कर रहा है। गहलोत ने कहा कि सरकार को अपने काम के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करना चाहिए। उनके मुताबिक भाजपा सरकार ने काम नहीं किया, इसलिए मुख्यमंत्री को चुनाव प्रचार के लिए लगातार घूमना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाओं को बंद या कमजोर किया गया।
भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
गहलोत ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ने सारी सीमाएं तोड़ दी हैं। गहलोत ने पट्टों के वितरण सहित कई विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लाखों लोगों को पट्टे दिए गए और प्रशासनिक स्तर पर विकास का माहौल बना था। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय नेतृत्व के दम पर लड़े जाते हैं। कांग्रेस के स्थानीय नेता जमीन से जुड़े और सक्षम हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर उत्साह है।
नई सरकारी इमारतों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने नई सरकारी इमारतों में बारिश के दौरान पानी भरने की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की जरूरत बताई। गहलोत ने एयरपोर्ट, न्यायालय भवनों और दूसरी नई इमारतों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों की समीक्षा की मांग की। हाईकोर्ट भवन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले सरकार के विभाग निर्माण कार्य करवाकर उन्हें संबंधित संस्थाओं को हैंडओवर करते थे, जिससे जवाबदेही तय होती थी।
जोधपुर एयरपोर्ट को लेकर बोले- कांग्रेस का भी योगदान
जोधपुर के नए एयरपोर्ट भवन को लेकर गहलोत ने कहा कि इसके निर्माण में कांग्रेस सरकार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के बाद परियोजना को गति मिली। गहलोत ने नई सरकारी इमारतों के निर्माण और रखरखाव में जिम्मेदारी तय करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने नए एयरपोर्ट भवन में बारिश के दौरान पानी आने को भी उचित नहीं बताया।
बोले- जनता के हाथ में लोकतांत्रिक ताकत
गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। मतदाता अपने मताधिकार के जरिए सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाबदेह बना सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन की अपील की। उन्होंने दावा किया कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगेगा और राजस्थान के साथ जोधपुर में भी कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।
पढ़ें ये खबरें
- रीवा मेडिकल कॉलेज मामला: विधायक अभय मिश्रा के आरोपों का उमंग सिंघार ने किया समर्थन, कहा– ‘सरकार तत्काल कराए जांच’
- महतारी वंदन योजना में बड़ी गड़बड़ी: 1726 अपात्र हितग्राहियों को 1.93 करोड़ का किया गया भुगतान, जानिए अब क्या है विभाग का प्लान…
- NIA ने लाल किला ब्लास्ट में किया बड़ा खुलासा, चार्जशीट में उमर उन नवी मास्टर माइंड, 13 के खिलाफ चार्जशीट
- 17 सितंबर से BJP का सेवा संकल्प अभियान : मंत्री ओपी चौधरी ने ली प्रभार जिले की वर्चुअल बैठक, जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश
- सीएम धामी ने अचानक ऐसा क्या कह दिया कि कांग्रेस में मच गई खलबली? पढ़ें ‘शुद्धिकरण’ पर बड़ा बयान



