Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनाव की वोटिंग के बीच बुधवार को डीडवाना और नागौर में विवाद की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। डीडवाना के वार्ड नंबर 11 में वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई। विधायक ने भाजपा और कांग्रेस समर्थकों पर वोटर आईडी और मतदान पर्ची छीनने के आरोप लगाए। वहीं, नागौर के खत्रीपुरा मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुटों में विवाद के बाद पथराव हो गया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई।

डीडवाना में वोट डालने पहुंचे यूनुस खान से धक्का-मुक्की

डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना में वार्ड नंबर 11 के देशवाली भवन मतदान केंद्र पर निर्दलीय विधायक यूनुस खान परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की घटना हुई।

यूनुस खान ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने वोटर आईडी और मतदान पर्ची छीनकर फाड़ने का भी आरोप लगाया। विधायक के मुताबिक, बाहर से आए कुछ लोगों ने उनके और परिवार के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों को मतदान नहीं करने दिया गया।

यूनुस खान बोले, पहले भी हो चुका है हमला

विधायक यूनुस खान ने दावा किया कि मतदान के दौरान उनके और परिवार के साथ यह तीसरी बार हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। यूनुस खान ने भाजपा, कांग्रेस और पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने मौके पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग की और मतदान नहीं करने की बात कही। घटना की सूचना मिलने पर वृत्ताधिकारी उमेश गुप्ता और डीडवाना थानाधिकारी मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

नागौर में फर्जी वोटिंग के आरोप पर पथराव

इधर, नागौर के खत्रीपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय-5 मतदान केंद्र के बाहर भी विवाद हो गया। यहां फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे। जवानों ने स्थिति को नियंत्रित किया और मतदान केंद्र के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

हंगामे के बीच मतदान जारी

दोनों घटनाओं के बावजूद मतदान प्रक्रिया नहीं रोकी गई। पुलिस की मौजूदगी में मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचते रहे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नागौर में हुई पथराव की घटना में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। डीडवाना और नागौर की घटनाओं के बाद प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

पढ़ें ये खबरें