Rajasthan Nikay Chunav के पहले चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। प्रदेश के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

राज्य निर्वाचन आयोग के शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक 72.09 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा मतदान अरनोद नगर पालिका में 91.98 फीसदी रहा, जबकि चित्तौड़गढ़ में सबसे कम 61.49 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि अंतिम मतदान प्रतिशत अभी जारी होना बाकी है, क्योंकि शाम 6 बजे के बाद भी कई मतदान केंद्रों पर मतदाता कतार में मौजूद थे।

अरनोद में सबसे ज्यादा, चित्तौड़गढ़ में सबसे कम मतदान

शाम 6 बजे तक के आंकड़ों में अरनोद सबसे आगे रहा। यहां 91.98 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। बीगोद नगर पालिका 91.49 फीसदी मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही। सैफऊ में 90.86 फीसदी और डीग में 90.36 फीसदी मतदान हुआ। वहीं चित्तौड़गढ़ नगर पालिका में 61.49 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो शाम 6 बजे तक सबसे कम रहा। अंतिम आंकड़े आने के बाद मतदान प्रतिशत में बदलाव हो सकता है।

सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चली वोटिंग

पहले चरण में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। कई जगह मतदाता लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। युवा मतदाताओं के साथ महिला और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था।

5,393 वार्डों में 20,623 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के अनुसार पहले चरण में 5,393 वार्डों के लिए मतदान हुआ। इन वार्डों में 20,623 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। करीब 57.52 लाख मतदाता मतदान के लिए पात्र थे। शुरुआत में पहले चरण के लिए 5,550 वार्ड निर्धारित किए गए थे। नाम वापसी और निर्विरोध निर्वाचन के बाद मतदान वाले वार्डों की संख्या घटकर 5,393 रह गई। इन वार्डों के लिए कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें करीब 700 मतदान केंद्र अति संवेदनशील और लगभग 3,500 बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए थे।

46 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी, 80 हजार से अधिक कर्मचारी तैनात

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए 46,648 पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। वहीं मतदान प्रक्रिया को पूरा कराने में 80 हजार से अधिक मतदान कर्मचारी जुटे रहे। मतदान खत्म होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद हो गई है। अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को परिणाम का इंतजार है।

BJP और कांग्रेस ने किया अपनी-अपनी जीत का दावा

मतदान खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मतदाताओं ने भाजपा के विकास कार्यों और संगठन पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में बड़े बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

राठौड़ ने कहा कि ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनाने के लिए जनता ने अपना मत दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि परिणाम आने के बाद हर जगह कमल का फूल खिला हुआ दिखाई देगा। उनके मुताबिक जनता ने विकास के नाम पर वोट दिया है और पिछले ढाई साल में भजनलाल सरकार के कामकाज पर विश्वास जताया है।

जूली बोले- जनता BJP को दिखाएगी आईना

वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस के पक्ष में मजबूत मतदान होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि ढाई साल में सरकार ने जनता के भरोसे को तोड़ा है। जूली ने आरोप लगाया कि जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा की सरकार बनाई थी, वह उस पर पूरी तरह खरी नहीं उतरी। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में जनता भाजपा को आईना दिखाएगी।

अब 11 सितंबर को दूसरे चरण की वोटिंग

पहले चरण का मतदान खत्म होने के साथ ही अब राजनीतिक दलों की नजरें परिणाम और बोर्ड गठन के समीकरणों पर टिक गई हैं। खासतौर पर करीबी मुकाबले वाले निकायों में जीत-हार के अंतर और बहुमत के आंकड़े को लेकर सियासी गणित तेज होगा। पहले चरण के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी है। 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से दूसरे चरण का मतदान शुरू होगा। अब पहले चरण के मतदाताओं का फैसला EVM में बंद है और नतीजों के साथ निकायों की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी।

पढ़ें ये खबरें