Rajasthan Nikay Chunav: सीकर के लक्ष्मणगढ़ में राजस्थान निकाय चुनाव के दौरान बुधवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। मतदान के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों से बहस के बाद विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोलिंग बूथ के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाते समय हुआ विवाद
लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में बूथों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। इसी दौरान एक पोलिंग बूथ के पास भाजपा नेता मनोज शर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक, मनोज शर्मा भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं को पोलिंग सेंटर की ओर ला रहे थे। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर धक्का-मुक्की हुई और आरोप है कि निर्दलीय समर्थकों के एक गुट ने मनोज शर्मा पर हमला कर दिया। अचानक हुए विवाद से पोलिंग बूथ के आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हमले की खबर फैलते ही जुटे भाजपा कार्यकर्ता
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने हमले के विरोध में नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा समर्थकों का आरोप है कि चुनाव के दौरान इस तरह की घटना मतदाताओं में भय का माहौल पैदा कर सकती है। उन्होंने प्रशासन से मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह भयमुक्त और निष्पक्ष बनाए रखने की मांग की।
लक्ष्मणगढ़ में 54 बूथ, 51,554 मतदाता
लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में कुल 51,554 मतदाता अपने स्थानीय प्रतिनिधि का चुनाव कर रहे हैं। इसके लिए 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। घटना की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी अतिरिक्त जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
पढ़ें ये खबरें
- राजधानी पटना में मेला दुकानदार की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने पड़ोस के युवक पर लगाया आरोप
- Gold Silver Rate Today : सोने-चांदी के भाव में आज गिरावट, गोल्ड 1.52 लाख और सिल्वर 2.39 लाख पर खुली; जानिए शहरों के रेट
- 8th Pay Commission Meeting Today : 8वें वेतन आयोग की आज पुडुचेरी में बैठक, फिटमेंट फैक्टर पर हो सकती है चर्चा; जानिए आगे का शेड्यूल
- बेगूसराय में मेला देखकर लौट रहे छात्र की गोली मारकर हत्या, सड़क जाम कर लोगों का हंगामा
- हरियाणा में स्वाइन फ्लू की रफ्तार बढ़ी, एक दिन में 35 नए मरीज मिले; एक्टिव केस 139



