Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर में रोड शो के साथ दूसरे चरण का प्रचार अभियान समाप्त हुआ। अब 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। दूसरे चरण में 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं समेत कुल 147 नगरीय निकाय शामिल हैं।

प्रचार खत्म होने के साथ ही अब प्रत्याशी और राजनीतिक दल सार्वजनिक रूप से चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। जनसभा, जुलूस, रोड शो और लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार पर रोक रहेगी। चुनावी गतिविधियों का फोकस अब बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के संपर्क और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने पर रहेगा।
घर-घर संपर्क कर सकेंगे प्रत्याशी
प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद चुनावी गतिविधियों के लिए कई प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के मुताबिक सार्वजनिक सभा, जुलूस, रोड शो, लाउडस्पीकर और खुले तौर पर वोट मांगने जैसी गतिविधियां अब नहीं की जा सकेंगी। प्रत्याशी व्यक्तिगत तौर पर घर-घर संपर्क कर सकते हैं, लेकिन इसे सार्वजनिक सभा या प्रचार अभियान का रूप नहीं दिया जा सकता। सोशल मीडिया पर भी चुनाव से जुड़ी गतिविधियों में निर्वाचन नियमों और आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू है। जिला निर्वाचन अधिकारियों को इसके पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शराब की बिक्री पर रहेगी रोक
दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए चुनाव वाले निकाय क्षेत्रों में सूखा दिवस लागू रहेगा। इस दौरान शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव को लेकर ड्राई डे से संबंधित आदेश जारी किए हैं।
प्रचार खत्म होने के बाद ऐसे बाहरी नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी, जो संबंधित निकाय क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं और चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे हैं। इसका मकसद मतदान से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना है।
54 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी संभालेंगे मोर्चा
दूसरे चरण के मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। करीब 54,533 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है। इसमें आरएसी की 57 कंपनियां और क्यूआरटी जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था रहेगी। प्रशासन की कोशिश शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने की है।
6 नगर निगम और 20 नगर परिषद में भी वोटिंग
दूसरे चरण में 147 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इनमें अजमेर, कोटा, जयपुर, पाली, उदयपुर और जोधपुर के 6 नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा किशनगढ़, पुष्कर, टोंक, बहरोड़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सरदारशहर, गंगापुर सिटी, निम्बाहेड़ा, राजसमंद, मकराना, हिंडौन सिटी, दौसा, डीग, फलौदी, सलूंबर, सीकर, सिरोही, लालसोट और बालोतरा समेत 20 नगर परिषदों में भी वोटिंग होगी।
121 नगर पालिकाओं में भी होगा मतदान
दूसरे चरण में प्रदेश की 121 नगर पालिकाओं के मतदाता भी अपने स्थानीय प्रतिनिधि चुनेंगे। इनमें पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ, मलसीसर, मुंडावर, कोटकासिम, टपुकड़ा, पोकरण, चौहटन, धौरीमन्ना, सिवाना, सिंधरी, बाप, कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास, बर्डोदामेव, रामगढ़-शेखावाटी, लोसल, धोंद, मेड़तासिटी, रियांबाड़ी, मेड़तारोड़ और डेगाना समेत कई नगर पालिकाएं शामिल हैं।
इसके अलावा धरियावद, सागवाड़ा, भीनमाल, सांचौर, बाली, खुडाला-फालना, सादड़ी, सुमेरपुर, तख्तगढ़, पिंडवाड़ा, माउंट आबू, सरदारशहर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर, गजसिंहपुर, गोलूवाला, पीलीबंगा, तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर, बीदासर, वैर, बयाना, नदबई, उच्चैन, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़, बिजोलिया, नीमराना, मांढण, खाजूवाला, नोखा, देशनोक, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, खाटू खुर्द, परबतसर, नावां, टोडाभीम, सूरौठ, लवाण, मंडावरी, रामगढ़ पचवारा, कुम्हेर, बृजनगर, किशनगढ़बास, बसेड़ी, बाड़ी, सरमथुरा, वजीरपुर, बामनवास, छबड़ा, मांगरोल, अटरू, लाखेरी, कापरेन, नैनवा, हिंडौली, खानपुर, अकलेरा, मनोहरथाना और पीड़ावा समेत अन्य नगर पालिकाओं में भी मतदान होगा।
अब बूथ मैनेजमेंट पर रहेगा पूरा फोकस
प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की असली परीक्षा बूथ स्तर पर होगी। सार्वजनिक प्रचार पर रोक के बीच कार्यकर्ता मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क और मतदान प्रबंधन पर ध्यान देंगे।
पढ़ें ये खबरें
- तमिलनाडु में CM विजय ने TVK-कांग्रेस गठबंधन का नाम किया तय, VCK, IUML और MDMK भी शामिल
- PM मोदी के सेवा-समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान, सांसद वीडी शर्मा ने बताई कार्यक्रम की रूपरेखा
- गुलजार सिंह की मौत पर राहुल गांधी पर बरसे CM भगवंत मान, बोले- लाश पर राजनीति करना ठीक नहीं
- डेहरी में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर रेड, एक सील, कई अन्य सेंटर भी रडार पर
- Rajasthan Nikay Chunav: वोटिंग के बीच जूली का बड़ा दावा, बोले- हार के डर से मतदाताओं को डरा रही BJP



