Rajasthan Nikay Chunav के पहले चरण के लिए मतदान के बीच राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भजनलाल सरकार और भाजपा पर मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। जूली ने बुधवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस बहुमत की ओर बढ़ रही है और भाजपा संभावित हार से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में सरकारी मशीनरी और धनबल का इस्तेमाल कर मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है।

जूली ने कहा कि कांग्रेस हर जगह बहुमत से आगे बढ़ रही है, जबकि भाजपा और सरकार मतदाताओं को डराने का काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायकों के ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में वोट नहीं देने पर इलाके में नहीं रहने देने की धमकी दी जा रही है।
अलवर की घटना का भी किया जिक्र
नेता प्रतिपक्ष ने अलवर की एक घटना का जिक्र करते हुए भाजपा प्रत्याशी पर निर्दलीय प्रत्याशी के साथ मारपीट का आरोप लगाया। जूली के मुताबिक मारपीट में निर्दलीय प्रत्याशी का सिर फट गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रत्याशी और सरकार गुंडागर्दी कर रहे हैं।
जूली ने यह भी आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस समर्थित मतदाता अधिक हैं, वहां मतदान के दौरान ईवीएम खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
CM के रोड शो पर भी साधा निशाना
टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर रोड शो को भी निशाने पर लिया। उन्होंने इसे फ्लॉप बताते हुए कहा कि अलवर में भी मुख्यमंत्री का रोड शो फ्लॉप रहा था। जूली ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री को निकाय चुनाव में वोट मांगने के लिए रोड शो करना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार ने काम किया है तो मुख्यमंत्री को जनता के बीच जाकर अपने काम के आधार पर वोट मांगना चाहिए। जूली ने पूछा कि जब मुख्यमंत्री रोड शो कर रहे हैं तो रैली क्यों नहीं कर रहे? तीन साल में सरकार ने जो काम किए हैं, उनका हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रखा जा रहा?
तीन साल बाद पट्टे और सीवरेज के वादे क्यों?
भाजपा के निकाय चुनाव घोषणा पत्र पर भी जूली ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में अब पट्टे देने, बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने और सीवरेज की व्यवस्था करने के वादे किए जा रहे हैं।
जूली ने सवाल किया कि अगर ये काम इतने जरूरी थे तो पिछले तीन साल में क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे हो चुके हैं और अब करीब डेढ़ साल का समय बचा है। ऐसे में चुनाव के समय नए वादे करने के बजाय सरकार को पिछले तीन साल के काम का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए।
ट्रिपल इंजन के नाम पर नहीं गुमराह होगी जनता
जूली ने भाजपा के ट्रिपल इंजन सरकार वाले चुनावी नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जनता इसके झांसे में आने वाली नहीं है, क्योंकि उनके मुताबिक तीन साल में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की स्थिति कमजोर है। इसी वजह से भाजपा के नेता पूरी ताकत चुनाव में झोंक रहे हैं। जूली ने अलवर में मंत्री संजय शर्मा के वार्ड का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि जिस इलाके में मुख्यमंत्री का रोड शो कराया गया, वहां की सड़कों और विकास कार्यों की स्थिति जनता के सामने है। जूली ने दावा किया कि रोड शो से एक दिन पहले हुई बारिश ने सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी।
स्थानीय निकायों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के स्थानीय निकायों में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं है, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण उसका फायदा जनता तक नहीं पहुंच रहा। जूली ने आरोप लगाया कि स्थानीय निकायों में आने वाला विकास का पैसा सही जगह खर्च नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि बजट कम नहीं आता, लेकिन भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि जनता के लिए काम नहीं हो पा रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी तंज कसा। जूली के मुताबिक मुख्यमंत्री जब अलवर रोड शो के लिए पहुंचे तो उन्हें सबसे ज्यादा चिंता उनकी रही। मुख्यमंत्री ने उनके निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले मालाखेड़ा की स्थिति के बारे में भी पूछा।
धनबल और दबाव के इस्तेमाल का भी आरोप
जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा निकाय चुनाव में धनबल और दबाव का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने अलवर, सीकर और जोधपुर का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में कांग्रेस के मजबूत नेताओं वाले इलाकों में भाजपा किस तरह अपना बोर्ड बनाने की कोशिश कर रही है, यह सबके सामने है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव के नतीजे जनता के रुख को सामने लाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘वोट चोरों के खिलाफ महाभारत’, दिल्ली में तेजस्वी यादव ने भरी हुंकार, बोले- कुरुक्षेत्र में उतरना होगा
- ‘दोस्ती की, होटल बुलाया और तान दिया तमंचा…’ बरेली में ‘शिफा’ के हनीट्रैप का खौफनाक खेल, जानें मामला
- आत्महत्या या कुछ और? फंदे से लटकी लाश मिली बुजुर्ग दंपति की लाश, इलाके में सनसनी, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटी खाकी
- कौन बनेगा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला चैंपियन? आज शाम संस्कारधानी और मैनपाट के बीच होगी खिताबी भिड़ंत
- 1 नवंबर 1966 से विकसित हरियाणा तक का सफर: भिवानी में हीरक जयंती पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

