Rajasthan Panchayat Elections 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’ जारी किया है। जयपुर स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इसका विमोचन किया। संकल्प पत्र में गांवों में शिक्षा, खेल, पेयजल, स्वास्थ्य और सड़क जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों का सर्वांगीण विकास करना और शहरों की ओर होने वाले पलायन को रोकना है।

हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्र
भाजपा के ग्राम विकास संकल्प पत्र में ग्रामीण युवाओं की पढ़ाई और खेल सुविधाओं पर खास जोर दिया गया है। पार्टी ने हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का संकल्प लिया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘अटल ज्ञान केंद्र’ स्थापित करने की बात कही गई है। इन केंद्रों पर हाई-स्पीड इंटरनेट और पढ़ाई से जुड़ी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को गांव में ही अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी।
किसानों के लिए ₹12,000 किसान सम्मान निधि का ऐलान
किसानों के लिए संकल्प पत्र में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की घोषणा प्रमुख है। यह किसानों को आर्थिक सहायता देने से जुड़ा संकल्प है। पानी की उपलब्धता और सिंचाई को लेकर भी मुख्यमंत्री ने ईआरसीपी और यमुना जल समझौते जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, 10 बड़ी सिंचाई परियोजनाओं में से चार का सीधा लाभ राजस्थान के किसानों को मिलने जा रहा है।
गांवों में बेहतर सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधा
संकल्प पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है। इसमें पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली, स्वच्छ पेयजल और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था जैसी सुविधाओं का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को इलाज और दूसरी जरूरी सुविधाओं के लिए बार-बार शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए गांवों में ही सुविधाएं विकसित करने की जरूरत है। सरकार का जोर ऐसे विकास मॉडल पर है, जिसमें ग्रामीण परिवारों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर जीवन जीने के अवसर मिलें।
पशुपालकों के लिए चिकित्सा वैन, बेघर परिवारों को आवास
पशुपालकों के लिए पशु चिकित्सा वैन सेवा का विस्तार भी संकल्प पत्र में शामिल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके अलावा, जिन ग्रामीण परिवारों के पास अपना पक्का घर नहीं है, उन्हें आवास उपलब्ध कराने का संकल्प भी रखा गया है। खाद्य सुरक्षा और जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने से जुड़े मुद्दों का भी मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उल्लेख किया।
विधानसभा चुनाव के वादों पर भी मुख्यमंत्री ने किया दावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार अपने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के करीब 78 प्रतिशत वादे पूरे कर चुकी है। उन्होंने इसे सरकार के कामकाज का हिस्सा बताते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में भी पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर रहेगा।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

