Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव इस बार चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए भी बड़ी चुनौती बनने जा रहे हैं। वन स्टेट-वन इलेक्शन व्यवस्था के तहत पहली बार एक ही पोलिंग पार्टी को लगातार करीब पांच दिन और चार रात गांव में रहकर अलग-अलग चुनावी प्रक्रियाएं पूरी करानी होंगी। 22 अक्टूबर को रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियां 26 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव पूरा होने के बाद ही वापस लौट सकेंगी। इस चुनाव में पुलिस और सुरक्षा बलों को छोड़कर 2.27 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

एक ही टीम संभालेगी तीन चुनाव
इस बार पंचायत चुनाव में पोलिंग पार्टियों की जिम्मेदारी पहले की तुलना में काफी लंबी होगी। 23 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद कर्मचारी घर नहीं लौटेंगे। उन्हें अगले दिन की चुनावी प्रक्रिया के लिए उसी गांव में रुकना होगा। 24 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच के नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
इसके बाद 25 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। शाम 6 बजे तक मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम जारी किए जाएंगे। लेकिन इसके बाद भी पोलिंग पार्टियों की ड्यूटी खत्म नहीं होगी। 26 अक्टूबर को उपसरपंच के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें वापस लौटने की अनुमति मिलेगी।
22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक गांव में रहना होगा
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 22 अक्टूबर को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित गांवों और मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। इसके बाद लगातार अलग-अलग चुनावी प्रक्रियाएं कराई जाएंगी।
इस तरह 22 अक्टूबर को रवाना होने वाली टीम 26 अक्टूबर को उपसरपंच चुनाव पूरा होने के बाद ही वापस लौट सकेगी। यानी कर्मचारियों को करीब पांच दिन और चार रात गांव में रहना होगा।
पिछले चुनावों में पोलिंग पार्टियां मतदान से एक दिन पहले केंद्रों के लिए रवाना होती थीं। मतदान, मतगणना और परिणाम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारी वापस लौट जाते थे। इस बार एक ही टीम को कई चुनावी जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।
2.27 लाख से ज्यादा कर्मचारी लगाए जाएंगे
पंचायत चुनाव के लिए 2.27 लाख से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान शामिल नहीं हैं। मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की अलग से तैनाती होगी।
प्रत्येक पोलिंग टीम में पीठासीन अधिकारी यानी PO के साथ PO-1, PO-2, PO-3 और PO-4 समेत मतदान कार्मिक होंगे। संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर भी चुनाव प्रक्रिया में जिम्मेदारी संभालेंगे।
इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती के साथ उनके प्रशिक्षण, आवागमन, ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी प्रशासन के सामने अहम चुनौती होगी।
कर्मचारियों को साथ ले जाना होगा जरूरी सामान
पोलिंग पार्टियों को कई दिनों तक गांवों में रुकना होगा। ऐसे में कर्मचारियों को अपने जरूरी निजी सामान भी साथ लेकर जाना होगा। लंबे प्रवास को देखते हुए उन्हें पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के मुताबिक पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वन स्टेट-वन इलेक्शन के कारण बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और चुनाव कार्यक्रम तय समय में पूरा कराया जाएगा।
जयपुर में 57 वार्डों के नामांकन स्थल तय
जयपुर जिला परिषद के 57 वार्डों के चुनाव के लिए नामांकन स्थल और रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। 8 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
वार्ड 1 से 10 के नामांकन रीको कार्यालय, सीकर रोड नंबर 5, वीकेआई एरिया में होंगे। वार्ड 15 से 26 के लिए नगर निगम झोटवाड़ा जोन कार्यालय, झोटवाड़ा फाटक को नामांकन स्थल बनाया गया है।
वार्ड 11 से 14 और 51 से 57 के नामांकन नगर निगम हवामहल-आमेर जोन कार्यालय, पुराने पुलिस मुख्यालय, जलेबी चौक में होंगे। वार्ड 27 से 37 के लिए पंचायत समिति कार्यालय सांगानेर और वार्ड 38 से 50 के लिए कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 45 में नामांकन लिए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अलग-अलग वार्डों के लिए अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी सौंपी है। विशेषाधिकारी मृणाल कुमार को वार्ड 1 से 10, सहायक कलेक्टर आमेर प्रीति चौहान को वार्ड 15 से 26, एसडीएम जयपुर शहर दक्षिण बजरंग लाल स्वामी को वार्ड 11 से 14 और 51 से 57, उपायुक्त जेडीए जोन-14 राकेश कुमार द्वितीय को वार्ड 27 से 37 और अतिरिक्त आयुक्त टीएडी निशु कुमार अग्निहोत्री को वार्ड 38 से 50 का आरओ बनाया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- Ranchi News: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, समाहरणालय के बाहर फूंका पुतला
- लाल बत्ती लगाकर VIP बनने का भूत सवार, DCP ने 5 किमी तक फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी कार, लगा भारी जुर्माना
- मरीजों की जान से खिलवाड़: आकृति अस्पताल में मिली गंभीर अनियमितताएं, OT और ICU सील
- दिवाली से पहले 8 राशियों की ‘बल्ले-बल्ले’ : शुक्र उदय खोलेंगे किस्मत का ताला, 9 महीने तक झोली में आएंगी खुशियां ही खुशियां …
- सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, MP पुलिस में इन पदों पर बंपर भर्ती, 15 अक्टूबर से होंगे आवेदन

