Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण से पहले बीजेपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज करने की रणनीति बनाई है। दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव के दौरान पार्टी कार्यकर्ता गांवों में घर-घर जाकर लोगों को राम-राम और श्याम-श्याम के साथ त्योहार की शुभकामनाएं देंगे। इस दौरान ग्रामीण मतदाताओं से सीधा संवाद करने के साथ पंचायत चुनाव में बीजेपी के पक्ष में मतदान की अपील भी की जाएगी।

पार्टी की योजना है कि त्योहार के सामाजिक जुड़ाव को चुनावी जनसंपर्क से जोड़ा जाए। इसके लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को संबंधित क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से मुलाकात कर गांवों की जरूरतों, स्थानीय मुद्दों और पार्टी की योजनाओं पर भी बातचीत करेंगे।

1 जिला परिषद और 92 पंचायत समितियों में चुनाव

प्रदेश में वन स्टेट वन इलेक्शन की व्यवस्था के तहत पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे हो चुके हैं। अब चौथे और अंतिम चरण को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के चरणवार कार्यक्रम के अनुसार, इस चरण में जैसलमेर जिला परिषद और 92 पंचायत समितियों में चुनाव होने हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं, 16 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव कराए जाएंगे। बारां, श्रीगंगानगर, करौली और कोटा में जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव कार्यकाल के कारण बाद में होंगे। हालांकि, इन जिलों में सदस्यों के चुनाव तय चरणों के अनुसार ही होंगे।

इन जिलों की पंचायत समितियों में होगा मतदान

चौथे चरण में प्रदेश के कई जिलों की पंचायत समितियों में चुनाव होने हैं। इनमें शामिल हैं:

  • बारां: अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा और बारां।
  • बालोतरा: बालोतरा, पादरू, पायला कलां, बायतु और सिवाना।
  • भरतपुर: सेवर, उच्चैन और रूपवास।
  • डीग: नगर और कुम्हेर।
  • बूंदी: बूंदी, खटकड़, डाबी, हिंडोली, नैनवां, लाखेरी और केशवरायपाटन।
  • चित्तौड़गढ़: गंगरार, भैंसरोडगढ़, बेगूं, निम्बाहेड़ा, डूंगला और बड़ी सादड़ी।
  • चूरू: सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम, रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर।
  • धौलपुर: बसेड़ी, सरमथुरा और राजाखेड़ा।
  • हनुमानगढ़: संगरिया, रावतसर, टिब्बी और हनुमानगढ़ टाउन।
  • जयपुर: बस्सी, तुंगा, जमवारामगढ़ और आंधी।
  • जालौर: रानीवाड़ा, बागोड़ा और सरनाऊ।
  • झुंझुनूं: खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर।
  • करौली: मंडरायल, कुड़गांव, सपोटरा, बालघाट और टोडाभीम।
  • डीडवाना-कुचामन: नावां, डीडवाना, लाडनूं और कुचामन सिटी।
  • प्रतापगढ़: प्रतापगढ़, अरनोद, पीपलखूंट और सुहागपुरा।
  • सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर, बौंली, गंगापुर सिटी और वजीरपुर।
  • सीकर: रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, कूदन और नेछवा।
  • श्रीगंगानगर: श्रीगंगानगर उत्तर, श्रीगंगानगर दक्षिण, सादुलशहर, अनूपगढ़, घड़साना, रायसिंहनगर, पदमपुर और श्रीकरणपुर।
  • टोंक: निवाई, टोंक, मालपुरा (आंशिक) और टोडारायसिंह।
  • सलूम्बर: लसाड़िया, झल्लारा, जयसमंद, सेमारी, सलूम्बर, गींगला और सराड़ा।

चुनाव हो या नहीं, जनता के बीच रहती है पार्टी: रामलाल शर्मा

बीजेपी प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने बताया कि पंचायत चुनाव के चौथे चरण को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा गया है। दीपावली के पांच दिवसीय त्योहार के दौरान भी संगठन की गतिविधियां जारी रहेंगी।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांवों में लोगों के बीच पहुंचकर राम-राम और श्याम-श्याम के साथ दीपावली की शुभकामनाएं देंगे। इस दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर पंचायत चुनाव में बीजेपी के पक्ष में मतदान की अपील भी की जाएगी।

रामलाल शर्मा के मुताबिक, बीजेपी का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही जनता के बीच नहीं जाता, बल्कि पार्टी हमेशा आमजन के सुख-दुख में सहभागी रहती है। त्योहार सामाजिक जुड़ाव और संवाद का अवसर होते हैं। इसी परंपरा के तहत कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से मिलकर संगठन की बात रखेंगे।

पढ़ें ये खबरें