अलवर। ‘वोट चोरी’ और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को अलवर में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शहीद स्मारक से नगर निगम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कई सवाल उठाए।

जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि ‘वोट चोरी’ का मुद्दा अब केवल कांग्रेस तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन भी इससे जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा कम हुआ है और जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जिस उम्मीदवार को वोट दिया गया है, वह वोट आगे गिना जाएगा या नहीं।

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस और आमजन की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी दोहराई।

उन्होंने कहा कि देशभर में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन और रैलियां हो रही हैं। सिंह ने इसे एक बड़े जनआंदोलन की शुरुआत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में इस मुद्दे को जनता के बीच ले जा रही है।

अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने नगरीय निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों ने सरकार के कार्यकर्ताओं की तरह काम किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के नाम नोट किए जा रहे हैं। जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार बदलने के बाद पटवारी से लेकर कलेक्टर, एसपी और थानेदार तक, जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध रही, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

जितेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग की ओर से कई मामलों में गलत जानकारी दी गई। उन्होंने विशेष रूप से मतदाता सूची और फॉर्म-6 से जुड़े विवाद का जिक्र किया। हालांकि, चुनाव आयोग इन मुद्दों पर अपनी ओर से अलग पक्ष रख चुका है और चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में बदलावों को लेकर विपक्ष के आरोपों को स्वीकार नहीं करता।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता के चुने हुए 300 से अधिक सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संविधान की बात की जाती है तो ऐसे मामलों में संवैधानिक अधिकारों का क्या होगा।

‘अब यह सिर्फ कांग्रेस का मुद्दा नहीं’

जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ अन्य विपक्षी दल भी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि ‘वोट चोरी’ का सवाल अब केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आम मतदाता भी इसे लेकर सवाल उठा रहा है।

बता दें कि चुनाव आयोग की विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। हाल के दिनों में INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किए हैं।