Rajasthan Politics News: राजस्थान कांग्रेस में सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच सियासी खींचतान थमती नजर नहीं आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों के बाद अब कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने बिना किसी का नाम लिए बड़ा जाब दिया है। करौली में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान पायलट ने संयम, अनुशासन और जनता की ताकत पर अपनी बात रखी।

सचिन पायलट ने कहा कि उन्हें राजनीति में 25 साल हो चुके हैं और इस दौरान उन्होंने अच्छा-बुरा सब देखा और समझा है। उन्होंने कहा कि उनका किसी व्यक्ति विशेष से कोई झगड़ा नहीं है और वे हमेशा सोच-समझकर बोलते हैं। पायलट ने कहा कि संघर्ष जरूरी है, लेकिन उसके साथ संयम, संतोष और सम्मान भी उतना ही जरूरी है।
अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक मूल्यों और संस्कारों की भी बात की। पायलट ने कहा कि नई पीढ़ी को सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि आज युवाओं में धैर्य कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन और राजनीति दोनों में अनुशासन बेहद जरूरी है। उनकी पहली प्राथमिकता देश और प्रदेश की जनता है, जबकि दूसरी प्राथमिकता उनकी विचारधारा और पार्टी है। पायलट ने यह भी कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती और जो लोग ईमानदारी से काम करते हैं, उन्हें उसका फल जरूर मिलता है।
राजनीतिक मतभेदों पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में व्यक्ति को सच और सिद्धांतों के साथ खड़ा रहना चाहिए।
इस दौरान सचिन पायलट ने अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट को याद करते हुए कहा कि 11 जून 2000 को उनके परिवार ने एक बड़ा सहारा खो दिया था। उन्होंने बताया कि राजेश पायलट की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम लंबे समय से लंबित था, जिसे अब क्षेत्र की जनता और 36 कौम के लोगों के सहयोग से पूरा किया जा सका।
पायलट ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपने पिता के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि 90 के दशक में जब बड़े-बड़े नेता चर्चित तांत्रिक चंद्रास्वामी का नाम लेने से भी डरते थे, तब राजेश पायलट ने खुलकर उनके खिलाफ आवाज उठाई और उन्हें कानून के दायरे में लाने का काम किया।
पढ़ें ये खबरें
- पैसों के लेनदेन पर खूनी खेल: ग्वालियर में युवक की चाकू मारकर हत्या, बेटे को बचाने गई मां भी गंभीर घायल
- Rajasthan News: दौसा में भू-माफियाओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन, गिर्राज गुप्ता और विवेक सैनी गिरफ्तार
- बहराइच में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर,दो लोगों की थम गई सांसें
- रोहतक में सिंधिया का बड़ा ऐलान: 6G तकनीक के क्षेत्र में पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा भारत
- राशन लाने के मामूली विवाद में पति बना दरिंदा, रॉड से पीटकर की पत्नी की हत्या
