RCB and RR New Owners: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में काफी कुछ बदला-बदला नजर आएगा. टीमें बदल चुकी हैं. खिलाड़ी इधर-उधर हुए हैं और 25 मार्च को सबसे बड़ा बदलाव हुआ है. इस लीग के इतिहास की 2 सबसे पुरानी टीमें राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नए मालिक मिल चुके हैं. दोनों टीमें 24 मार्च को बिक चुकी हैं. दोनों की डील हजारों करोड़ रुपये में तय हुई है. डिफेंडिंग चैंपियन RCB तो इस लीग के इतिहास की सबसे महंगी टीम बन गई है, जबकि राजस्थान पर भी काफी बड़ी बोली लगी है. यहां हम दोनों टीमों के नए मालिकों के बारे में जान लेते हैं.
RCB को किसने खरीदा?
सबसे पहले बात डिफेंडिंग चैंपियन RCB की. यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) ने अपनी 100% हिस्सेदारी बेच दी है. इस टीम को आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने 1.78 अरब डॉलर (करीब 16,660 करोड़ रुपये) में खरीदा है.
इस ग्रुप में बिड़ला ग्रुप के अलावा ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’, ‘बोल्ट वेंचर्स’ और ‘ब्लैकस्टोन’ जैसे दिग्गज भी शामिल हैं. डील पूरी होने के बाद कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे और पूर्व क्रिकेटर आर्यमान विक्रम बिड़ला को RCB का नया चेयरमैन बनाया गया है. ये वही आर्यमान हैं, जो IPL 2018 की नीलामी में 30 लाख की बेस प्राइस पर राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं.

राजस्थान रॉयल्स को किसने खरीदा?
अब बात करते हैं RR की, जिसने 2008 यानी पहले ही सीजन का खिताब जीता था. इस टीम की कमान अब अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी, वॉलमार्ट और हैम्प फैमिली (फोर्ड से जुड़ा परिवार) को मिल गई है. रिपोर्ट्स की मानें तो राजस्थान की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर या तकरीबन 15,290 करोड़ रुपये लगाई गई है. ये कीमत उसकी शुरुआती कीमत से करीब 24 गुना ज्यादा है. काल सोमानी कंसोर्टियम ने इसकी 100 फीसदी हिस्सेदारी अपने नाम की है.
काल सोमानी, सोमानी इंट्राएज, अकाडेमिया और TruYo.AI के संस्थापक भी हैं. उन्हें रॉब वॉल्टन का समर्थन प्राप्त है, जो वॉलमार्ट फैमिली से आते हैं और NFL की डेनवर ब्रॉन्कोस टीम के मालिक भी हैं. उन्होंने साल 2021 में राजस्थान रॉयल्स में हिस्सेदारी खरीदी थी. आज 5 साल बाद वह टीम का मालिकाना हक हासिल कर चुके हैं.

