Rajasthan SI Paper Leak: राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2021 के पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा पास करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी के मुताबिक, देवेंद्र कुमार सैनी ने अपने बेटे को परीक्षा से पहले लीक पेपर और उसके जवाब पढ़वाए थे, जबकि डूंगर प्रकाश ने अपने बहनोई की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाने के लिए 10 लाख रुपये का सौदा किया था। इस मामले में एसओजी अब तक 154 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

बेटे को परीक्षा से पहले पढ़वाया लीक पेपर
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बालोतरा जिले के डांगरिया निवासी डूंगर प्रकाश और जयपुर के हरमाड़ा निवासी देवेंद्र कुमार सैनी शामिल हैं।
जांच के अनुसार, देवेंद्र कुमार सैनी ने राजकुमार यादव के माध्यम से अपने बेटे रविंद्र सैनी को परीक्षा से पहले लीक पेपर और सवालों के जवाब पढ़वाए। एसओजी का कहना है कि रविंद्र ने इन सवालों और जवाबों को पढ़ने के बाद परीक्षा पास की और उसका अंतिम चयन भी हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि देवेंद्र ने इसी माध्यम से एक अन्य व्यक्ति के बेटे भरत यादव को भी लीक पेपर पढ़वाने में मदद की थी। हालांकि, भरत का अंतिम चयन नहीं हो सका।
कोर्ट में सरेंडर के बाद रिमांड पर भेजा गया आरोपी
एसओजी के मुताबिक, देवेंद्र कुमार सैनी लंबे समय से फरार चल रहा था। देवेंद्र और उसके बेटे रविंद्र की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविंद्र अभी भी फरार है।
देवेंद्र ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे एसओजी की रिमांड पर भेज दिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
बहनोई को SI बनवाने के लिए 10 लाख रुपये का सौदा
दूसरे मामले में एसओजी की जांच के अनुसार, डूंगर प्रकाश ने अपने बहनोई अशोक कुमार विश्नोई की जगह कमलेश नाम के व्यक्ति को परीक्षा में डमी अभ्यर्थी के तौर पर बैठाया था। अशोक कुमार जालौर जिले के मोखातरा का निवासी है, जबकि कमलेश इसरोल का रहने वाला बताया गया है।
जांच में आरोप है कि कमलेश को दोनों पारियों की परीक्षा में बैठाने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा किया गया था। एसओजी के अनुसार, डमी अभ्यर्थी के जरिए परीक्षा देने के बाद अशोक कुमार के हिंदी विषय में 200 में से 180.94 और सामान्य ज्ञान में 200 में से 138.36 अंक आए।
अशोक कुमार का 154वीं मेरिट पर हुआ था चयन
एसओजी के मुताबिक, अशोक कुमार का SI पद पर 154वीं मेरिट के साथ चयन हुआ था। इस मामले में अशोक कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब डूंगर प्रकाश की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसओजी ने बताया कि आईजी अजयपाल लांबा और डीआईजी भुवन भूषण यादव के निर्देशन तथा एएसपी सतनाम सिंह के सुपरविजन में अनुसंधान अधिकारी चिरंजीलाल मीणा ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ और आगे की जांच जारी है। एसओजी के अनुसार, SI भर्ती-2021 पेपर लीक और डमी अभ्यर्थी मामले में अब तक कुल 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

