Rajasthan Sports News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के अलंकार पीजी कॉलेज में 51वीं सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति और ऋषियों की अनमोल धरोहर बताया। साथ ही प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राजस्थान सरकार की योजनाओं और प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संयमित और संतुलित जीवन जीने की कला सिखाई है। एकाग्रता बढ़ाने, निर्णय क्षमता मजबूत करने और जीवन में सकारात्मकता लाने में योग की अहम भूमिका है। बदलती जीवनशैली और स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ मन और तन के लिए सरल और प्रभावी माध्यम है।
खिलाड़ियों के लिए TOPS योजना, 17 नए खेलो इंडिया केंद्र
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के लिए राजस्थान युवा नीति-2025 जारी की है। खेलों के बेहतर बुनियादी ढांचे और युवा प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए काम किया जा रहा है, ताकि राजस्थान खेल के क्षेत्र में देश और दुनिया में अग्रणी बने।
प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राजस्थान TOPS योजना लागू की गई है। इसके साथ ही प्रदेश में 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। सरकार ने 1,786 खिलाड़ियों के लिए 40 करोड़ 12 लाख रुपए का अनुदान भी स्वीकृत किया है।
21 जून को मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों और वैश्विक कूटनीति के कारण संयुक्त राष्ट्र ने हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। आज योग, ध्यान और प्राणायाम दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि योग की ज्ञान परंपरा अब मानव कल्याण का वैश्विक माध्यम बन रही है।
गांवों में अटल ज्ञान केंद्र और पंचायतों में खेल मैदान
भजनलाल शर्मा ने युवाओं को देश का भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा से विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार गांवों में अटल ज्ञान केंद्र खोल रही है। इन केंद्रों में ऑनलाइन क्लास और ई-लाइब्रेरी सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही हर पंचायत में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।
पेपर लीक को लेकर CM भजनलाल का दावा
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर पेपर लीक की घटनाओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं होती रहती थीं, जबकि उनके कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
उन्होंने युवाओं से मेहनत करने और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को टूटने नहीं देगी।
पश्चिम बंगाल ने जीती योगासन चैम्पियनशिप की ट्रॉफी
समापन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने योगासन चैम्पियनशिप के विजेता पश्चिम बंगाल, दूसरे स्थान पर रहे हरियाणा और तीसरे स्थान पर रहे महाराष्ट्र की टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राजस्थान की टीम ने संगीतमय योगासन की प्रस्तुति भी दी।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान
