बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के छतरगढ़ में गुरुवार को दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आपसी समझौते के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान ही दोनों पक्ष भिड़ गए और देखते ही देखते चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। भरी पंचायत के बीच हुए इस ट्रिपल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से गांव के पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह धालीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। खाजूवाला सीओ आकांक्षा चौधरी भी मौके पर पहुंची और वारदात वाले स्थल का दौरा कर ​स्थिति का जाजया लिया। ग्राम पंचायत खारवाली के सुरजनवाली में ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही एसपी मृदुल कच्छावा भी मौके के लिए रवाना हुए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m